भारत छोड़ो आंदोलन के बलिदानी वीर चुनाराम महतो और वीर गोविंद महतो को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 30 सितंबर । मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भारत छोड़ो आंदोलन के अमर बलिदानी वीर चुनाराम महतो और वीर गोविंद महतो को उनके बलिदान दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बुधवार सुबह आठ बजे समाज माध्यम पर संदेश जारी कर 30 सितंबर, 1942 के ऐतिहासिक संघर्ष को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 सितंबर, 1942 को भारत छोड़ो आंदोलन के ऐतिहासिक संघर्ष में मानभूम, पुरुलिया के मानबाजार की पावन धरती पर दो महान क्रांतिकारी पुत्रों वीर चुनाराम महतो और वीर गोविंद महतो ने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने बताया कि 29 सितंबर, 1942 को स्वतंत्रता सेनानियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए मानभूम, पुरुलिया के बांदवान और बराभूम थानों को अंग्रेजों से मुक्त कराकर पहली बार भारतीय तिरंगा फहराया था। इसके अगले ही दिन, 30 सितंबर को मानबाजार थाना पर कब्जे की रणनीति के दौरान ब्रिटिश सेना की गोलियों से दोनों वीर सपूत शहीद हो गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में दोनों सेनानियों का अद्वितीय साहस, बलिदान और देशभक्ति सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने दोनों शहीदों को शत-शत नमन करते हुए कोटि-कोटि श्रद्धांजलि अर्पित की।