नितिन नवीन ने वाराणसी में ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का किया अनावरण, बोले- दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं
वाराणसी, 08 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को वाराणसी में प्रस्तावित टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का अनावरण किया। नदेसर स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं और उन्हें अवसर मिले तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प माह’ के तहत यह प्रतियोगिता वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में आयोजित की जा रही है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना, उनमें नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा करना तथा खेल के माध्यम से समावेशी भारत का संदेश देना है।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने नितिन नवीन को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता की शुरुआत शुक्रवार, 9 अक्टूबर से होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छह राज्यों की टीमें गुरुवार शाम तक वाराणसी पहुंच जाएंगी। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, आवागमन सहित प्रतियोगिता से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।
डॉ. ओझा ने कहा कि यह प्रतियोगिता दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का सशक्त मंच प्रदान करेगी। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।