प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना को आज एक साल पूरा हो गया
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना ने आज एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस योजना का शुभारंभ पिछले वर्ष इसी दिन देश भर के 100 आकांक्षी कृषि जिलों में कृषि को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया था। हमारे संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, इस योजना में 11 मंत्रालयों और विभागों की 36 केंद्रीय योजनाओं के साथ-साथ राज्य योजनाओं और निजी क्षेत्र की भागीदारी को शामिल किया गया है, ताकि जिलेवार कृषि आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
भारत के कृषि क्षेत्र में विभिन्न क्षेत्रों और किसान समुदायों में अपार संभावनाएं हैं। पिछले वर्ष जुलाई में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा अनुमोदित, छह वर्षीय इस पहल का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष 11 अक्टूबर को किया था। यह पहल 11 मंत्रालयों और विभागों की 36 केंद्रीय योजनाओं, राज्य योजनाओं और निजी क्षेत्र की भागीदारी को एक साथ लाती है, ताकि जिले-विशिष्ट कृषि आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। पीएमडीडीकेवाई ने आज अपना पहला वर्ष पूरा कर लिया है, जो जिला स्तर पर केंद्रित कार्रवाई का एक वर्ष पूरा होने का प्रतीक है। 100 जिलों में जिला कार्य योजनाएं और संकेतक-आधारित निगरानी प्रणाली लागू हैं। जिला-विशिष्ट हस्तक्षेप जमीनी स्तर पर कृषि विकास को बढ़ावा दे रहे हैं।
इस योजना का उद्देश्य कृषि उत्पादकता, सिंचाई सुविधाओं, ऋण तक पहुंच और फसल कटाई के बाद के बुनियादी ढांचे में सुधार करना है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन स्तरीय कार्यान्वयन संरचना का पालन करती है। स्थानीय कृषि आवश्यकताओं के अनुसार जिला कार्य योजनाएं तैयार की जाती हैं, और 36 केंद्रीय योजनाओं के तहत 121 संकेतकों के माध्यम से प्रगति की निगरानी की जाती है।
पहले वर्ष के दौरान, सभी चयनित 100 जिलों ने अपनी कार्य योजनाएँ तैयार कीं, जिनका कार्यान्वयन जारी है। इन जिलों का औसत प्रदर्शन स्कोर अप्रैल 2026 में 18.85 से बढ़कर अगस्त 2026 में 46.89 हो गया, जो योजना के सभी छह उद्देश्यों में सुधार को दर्शाता है। इस पहल ने किसानों के बीच ज्ञान साझाकरण को भी बढ़ावा दिया है। दिसंबर 2025 में आयोजित पीएम-डीडीकेवाई किसान उत्पादक संगठन संगम में 15 राज्यों और 33 योजना जिलों के 72 से अधिक किसान उत्पादक संगठन एक साथ आए और कृषि उत्पादकता, बाजार पहुंच और आय वृद्धि के क्षेत्र में अनुभव साझा किए और अवसरों का पता लगाया। प्राप्त प्रगति आने वाले वर्षों में मजबूत समन्वय और सतत कृषि विकास के लिए एक आधार प्रदान करती है।