October 11, 2026

गगनजीत भुल्लर ने जीता कृष्णा आमंत्रण गोल्फ टूर्नामेंट का खिताब

हैदराबाद, 11 अक्टूबर   विम्त्रा चेन्नई लायंस गोल्फ क्लब के गगनजीत भुल्लर ने एएम ग्रीन आईजीपीएल कृष्णा आमंत्रण 2026 गोल्फ टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया। हैदराबाद गोल्फ क्लब में हुए मुकाबले में भुल्लर ने कुल 14 अंडर पार 196 के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का ने उन्हें विजेता ट्रॉफी और 22 लाख 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।

पंजाब रैप्टर्स गोल्फ क्लब के करनदीप कोचर और सी. मुनियप्पा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। दोनों खिलाड़ियों को 12 लाख 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली। कृष्णा पंजाब रैप्टर्स गोल्फ क्लब के मालिक सुमित पासी की मेजबानी में आयोजित इस टूर्नामेंट ने हैदराबाद में गोल्फ प्रेमियों को शानदार खेल देखने का अवसर दिया।

इस अवसर पर भुल्लर ने कहा कि 12 साल के अंतराल के बाद हैदराबाद लौटकर मुझे बहुत अच्छा लगा। मैंने यहां के गोल्फ कोर्स का भरपूर आनंद लिया और परिस्थितियां भी बहुत अच्छी थीं। एएम ग्रीन आईजीपीएल का विशेष धन्यवाद। हमने पिछले साल आईजीपीएल के साथ इस यात्रा की शुरुआत की थी। कृष्णा आमंत्रण 2026 की मेजबानी करने और इस आयोजन को संभव बनाने के लिए कृष्णा पंजाब रैप्टर्स गोल्फ क्लब के मालिक सुमित पासी का विशेष आभार। उम्मीद है कि यह यहां मेरी आखिरी भागीदारी नहीं होगी।

एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और एशियाई टूर पर तीन खिताब जीत चुके शिव कपूर ने कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी रही है। उन्होंने कहा कि यहां आने के लिए आप सभी का धन्यवाद। हमारी शुरुआत शानदार रही है। हम इस टूर्नामेंट को वैश्विक स्तर पर ले जाना चाहते हैं, दुनिया भर के खिलाड़ियों को इससे जोड़ना चाहते हैं और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहते हैं।

हैदराबाद गोल्फ संघ के अध्यक्ष भास्कर रेड्डी ने आयोजन को शहर के लिए गोल्फ का उत्सव बताया। उन्होंने कहा, “इस सप्ताह हमारे सदस्यों ने बेहतरीन गोल्फ देखा और विशेष प्रो-एम प्रारूप में पेशेवर खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर भी मिला। मैं 35 वर्षों से गोल्फ खेल रहा हूं, लेकिन मैंने इस तरह का प्रो-एम आयोजन पहले कभी नहीं देखा। देश के शौकिया गोल्फ खिलाड़ियों के लिए यह एक अनूठा अवसर है।”

पुरस्कार वितरण समारोह में तेलंगाना के सड़क एवं भवन मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, एएम ग्रीन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम रेड्डी, एएम ग्रीन आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तम सिंह मुंडी, हैदराबाद गोल्फ संघ के अध्यक्ष भास्कर रेड्डी और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस भी उपस्थित रहे। हैदराबाद चरण के समापन के बाद एएम ग्रीन आईजीपीएल के दूसरे सत्र का अगला चरण 3 से 5 नवंबर 2026 तक विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.