October 12, 2026

अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम-3' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है।

मुंबई, 12 अक्टूबर । अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम-3' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 10 दिन पूरे कर चुकी इस थ्रिलर फिल्म ने भारत में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दुनियाभर में इसकी कमाई 500 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। इस सूची में रणवीर सिंह की 'धुरंधर-2' पहले स्थान पर है, जिसने करीब 1,108 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'दृश्यम-3' ने रिलीज के 10वें दिन यानी दूसरे रविवार को भारत में 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे एक दिन पहले फिल्म ने 26.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। शुरुआती सप्ताहांत की 176.50 करोड़ रुपये की कमाई और कारोबारी दिनों में मिले 84.50 करोड़ रुपये को मिलाकर फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 309 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 10वें दिन विदेशी बाजार में छह करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसका कुल विदेशी कारोबार 109 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस तरह फिल्म का दुनियाभर में कुल कलेक्शन 479.80 करोड़ रुपये हो गया है।

कमाई के मामले में 'दृश्यम 3' ने इस साल की कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म ने सनी देओल की 'बॉर्डर-2' के करीब 464.50 करोड़ रुपये के वैश्विक कारोबार को पार कर लिया है। इसके अलावा 'हनुमान अंश' की 435.37 करोड़ रुपये और अजय देवगन की अपनी फिल्म 'तान्हाजी' की 367.68 करोड़ रुपये की दुनियाभर की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है और दर्शकों की प्रतिक्रिया के बीच इसकी नजर 500 करोड़ रुपये के वैश्विक आंकड़े पर है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.