October 19, 2026

एशियाई पैरा खेल: स्वाति चौधरी ने तीरंदाजी में बनाया नया रिकॉर्ड

आइची-नागोया, 19 अक्टूबर। भारत की पैरा तीरंदाज स्वाति चौधरी ने सोमवार को एशियाई पैरा खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला तीरंदाजी की रैंकिंग स्पर्धा में नया एशियाई पैरा खेल रिकॉर्ड बनाया। अपने पहले एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा ले रहीं स्वाति ने 648 अंक हासिल किए और चीन की मिनयी चेन के 2023 हांगझोऊ खेलों में बनाए 627 अंकों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

स्वाति ने पहले हाफ में 332 और दूसरे हाफ में 316 अंक हासिल किए। उन्होंने नौ बार एक्स और 14 बार 10 अंक का निशाना लगाया। उनके इस प्रदर्शन से भारतीय तीरंदाजी दल को प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत मिली।

शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की

भारत की शीतल देवी ने महिला कंपाउंड तीरंदाजी की रैंकिंग स्पर्धा में 720 में से 704 अंक हासिल कर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। यह मुकाबला ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क के बहुउद्देशीय मैदान में आयोजित हुआ। शीतल ने तुर्किये की ओजनुर क्योर के साथ संयुक्त रूप से विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।

शीतल ने इसी साल बैंकॉक में बनाए अपने 698 अंकों के एशियाई रिकॉर्ड को छह अंकों से बेहतर किया। उन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड के दोनों हाफ में 352-352 अंक हासिल किए। इस दौरान उन्होंने 32 बार एक्स और 25 बार 10 अंक का निशाना लगाया। वह रैंकिंग राउंड में पहले स्थान पर रहीं और 2023 हांगझोऊ एशियाई खेलों में बनाए अपने 680 अंकों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

भारत की एक अन्य तीरंदाज पायल नाग ने 675 अंक हासिल कर क्वालीफिकेशन में संयुक्त रूप से पांचवां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने पहले हाफ में 334 और दूसरे हाफ में 341 अंक बनाए। उनके निशाने में 12 एक्स और 20 बार 10 अंक शामिल रहे।

महिला युगल में शीतल और पायल शीर्ष पर

शीतल देवी और पायल नाग ने महिला कंपाउंड युगल रैंकिंग राउंड में कुल 1,379 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसमें शीतल के 704 और पायल के 675 अंक शामिल रहे।

पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी की रैंकिंग स्पर्धा में भारत के हरविंदर सिंह 631 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे। उन्होंने पहले हाफ में 310 और दूसरे हाफ में 321 अंक हासिल किए। उनके निशाने में आठ एक्स और 13 बार 10 अंक शामिल रहे।

विजय सुंडी ने 630 अंक हासिल कर सातवां स्थान प्राप्त किया। उन्होंने पहले हाफ में 318 और दूसरे हाफ में 312 अंक बनाए। उनके खाते में छह एक्स और 13 बार 10 अंक दर्ज रहे।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.