बंगाल : दत्तपुकुर में कार से विस्फोटक व प्रतिबंधित रसायन बरामद, एनआईए-एनएसजी के छापे में एक गिरफ्तार
कोलकाता, 2ृ अक्टूबर । पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर में एक कार से भारी मात्रा में विस्फोटक और कुछ प्रतिबंधित रसायन बरामद होने से हड़कंप मच गया है। बुधवार रात हुई इस घटना के बाद पुलिस के साथ-साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और फॉरेंसिक टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जांच एजेंसियां इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इन विस्फोटकों का इस्तेमाल किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने के लिए तो नहीं किया जाना था। इस सिलसिले में पुलिस ने एक स्थानीय बाइक शोरूम के मालिक रकीबुल इस्लाम को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस और एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) के सूत्रों के अनुसार, दत्तपुकुर के तेतुलतला इलाके में एक संदिग्ध कार के बारे में पहले से ही खुफिया जानकारी मिली थी। इसी पुख्ता सूचना के आधार पर जांच एजेंसियों ने कार पर गुप्त रूप से नजर रखनी शुरू कर दी थी। बुधवार रात आखिरकार कार को रोककर उसके मालिक रकीबुल को हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई। जांचकर्ताओं का अनुमान है कि कार में रखे विस्फोटक और प्रतिबंधित रसायनों को कोलकाता ले जाने की योजना थी। हालांकि, इन्हें कोलकाता में ठीक किस जगह और किस मकसद से ले जाया जा रहा था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि कार से बरामद सामग्री में विस्फोटक जैसी संदिग्ध वस्तुएं और लोहे की जालियां आदि शामिल हैं। इन विस्फोटकों की क्षमता का सटीक पता लगाने काे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। एनआईए गिरफ्तार आरोपी रकीबुल को गुरुवार को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए अपनी हिरासत (रिमांड) में लेने की मांग कर सकती है। इस पूरे घटनाक्रम पर बारासात पुलिस जिले की पुलिस अधीक्षक (एसपी) एम. मर्सी ने कहा कि मामले की सघन जांच चल रही है और यह किस प्रकार का विस्फोटक है, इसका वैज्ञानिक परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच आगे बढ़ने पर ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
गिरफ्तार आरोपित रकीबुल की पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी मिली है कि उसने करीब दस साल पहले कार मरम्मत का काम छोड़कर बाइक का शोरूम खोला था। वर्तमान में दत्तपुकुर के तेतुलतला, बीड़ा और देगंगा के बेड़ाचांपा सहित विभिन्न इलाकों में उसके चार बड़े बाइक शोरूम हैं।
सूत्रों का दावा है कि कुछ साल पहले आमडांगा स्थित एक बाइक शोरूम में भी रहस्यमय तरीके से विस्फोट हुआ था और संयोगवश उस शोरूम का मालिक भी रकीबुल ही था। जांच एजेंसियां अब यह भी खंगाल रही हैं कि क्या आमडांगा की उस पुरानी घटना और वर्तमान में हुई विस्फोटक बरामदगी के बीच कोई सीधा संबंध है। वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार यह संदिग्ध कार पिछले दो दिनों से दत्तपुकुर के तेतुलतला रोड स्थित एक शोरूम के पास लावारिस हालत में खड़ी थी।