इजराइल में आइसेनकोट को सरकार बनाने का आधिकारिक निमंत्रण, राष्ट्रपति ने छह हफ्ते का समय दिया
यरुशलम (इजराइल), 09 नवंबर। राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने विपक्षी पार्टी यशार के नेता गादी आइसेनकोट को नई सरकार बनाने का आधिकारिक निमंत्रण (जनादेश) आठ नवंबर को इजराइल के स्थानीय समयानुसार शाम 5:00 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे) दिया। आधिकारिक शासनादेश सौंपने का यह समारोह राष्ट्रपति आवास पर इजराइली समयानुसार शाम 5:00 बजे शुरू हुआ। गादी को 120 सदस्यों वाली नेसेट (संसद) में 67 सदस्यों का समर्थन प्राप्त है। यशार पार्टी के नेता के पास सरकार बनाने के लिए अब छह सप्ताह तक का समय है।
द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, देश के पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइसेनकोट ने ऐसी सरकार बनाने का वादा किया है जिसे वे "राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार" कहते हैं। उन्होंने कहा वह इसके लिए "रचनात्मक और लीक से हटकर" प्रयास करेंगे। रविवार को राष्ट्रपति ने मध्यमार्गी नेता आइसेनकोट को सरकार बनाने के लिए छह सप्ताह तक का समय दिया है। उन्होंने वादा किया है कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को सत्ता से हटाएगी और देश मेंएक नए युग की शुरुआत करेगी।
आइसेनकोट ने कहा, "इजराइल चुनौतीपूर्ण और निर्णायक आपातकालीन स्थिति से गुजर रहा है।" उन्होंने कई मोर्चों पर चल रही लड़ाई, सहयोगियों और विरोधियों के बीच इजराइल की गिरती अंतरराष्ट्रीय साख और लोकतंत्र के लिए अब तक के "सबसे नाजुक दौर" की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, "अगर हम मौजूदा हालात में ही आगे बढ़ते रहे तो हम एक ऐसे अंधेरे दौर में जा सकते हैं, जहां से वापसी नामुमकिन होगी। एक समाज और देश के रूप में हमारे लिए वहां से वापस लौटना बहुत मुश्किल हो जाएगा।" उन्होंने कहा, "इसलिए, एक नए नेतृत्व की बहुत सख्त जरूरत है। ऐसा नेतृत्व जिसकी आंखों में देखकर आप भरोसा कर सकें और जिसकी प्राथमिकता हमेशा इजराइल का कल्याण और सुरक्षा हो।"
आइसेनकोट ने माना कि इस प्रयास में सफलता मिलना पक्का नहीं है। उनका समर्थन करने वाले दलों में 48 सदस्यों वाला यहूदी-नेतृत्व वाला गुट और 19 सदस्यों वाला अरब-नेतृत्व वाला गुट शामिल है। हालांकि अरब दलों ने आइसेनकोट के नेतृत्व वाली सरकार का समर्थन करने या उसके खिलाफ वोट न देने का वादा किया है, लेकिन यहूदी गुट के सदस्यों का कहना है कि वे ऐसी किसी सरकार में शामिल नहीं होंगे जो अरब गुटों के समर्थन पर टिकी हो। अब इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या आइसेनकोट अल्पमत सरकार बनाएंगे या फिर वे 'हारेदी' (अति-रूढ़िवादी यहूदी) दलों के साथ हाथ मिलाएंगे, जो लंबे समय से नेतन्याहू के सहयोगी रहे हैं।
आइसनकोट ने यह नहीं बताया कि बातचीत में उनका रुख क्या होगा। लेकिन उन्होंने कहा कि उनका गठबंधन किसी भी ऐसे दल के लिए खुला है जो उनके सिद्धांतों को स्वीकार करे। उन्होंने सीधे नेतन्याहू की लिकुड पार्टी के सदस्यों और कट्टर दक्षिणपंथी 'रिलिजियस ज़ायोनिज्म' पार्टी से अपील की। उन्होंने दोबारा चुनाव की संभावना को भी खारिज कर दिया। आइसनकोट ने संकल्प लिया, "आज मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसके तहत मैं एक 'राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार' के गठन का नेतृत्व करूंगा। इसके लिए कुछ रचनात्मक और लीक से हटकर राजनीतिक कदम उठाने होंगे। इजराइल के पास समय बरबाद करने या बार-बार चुनाव कराने की गुंजाइश नहीं है। चुनौतियां बहुत गंभीर हैं।"
बंटी हुई 'नेसेट' का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वे कोई "भ्रम" नहीं पाल रहे हैं। वे जानते हैं कि इजराइल, "देश की स्थापना के बाद से अपनी सबसे जटिल और संवेदनशील राजनीतिक स्थिति" से गुजर रहा है। आइसनकोट ने कहा, "कोई भी अपने सभी चुनावी वादों को पूरा नहीं कर पाएगा और हम सभी को कुछ समझौते करने होंगे।।" इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा, "इजराइल को एक ऐसी स्थिर सरकार की जरूरत है जो समय के साथ इन चुनौतियों से निपट सके।"
राष्ट्रपति हर्जोग ने एक ऐसी ' मजबूत सरकार' की संभावना जताई जिसमें आइसेनकोट और नेतन्याहू दोनों शामिल हों। गठबंधन सरकार बनाने के लिए आइसेनकोट को आमंत्रित करने से पहले विभिन्न दलों के साथ हुई बातचीत के दौरान भी उन्होंने इस विकल्प का जिक्र किया । लेकिन आइसेनकोट ने साफ कह दिया है कि वे नेतन्याहू की सरकार में काम नहीं करेंगे और नेतन्याहू ने भी ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है कि वे आइसेनकोट को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपना पद छोड़ देंगे।
हर्जोग ने बताया कि जब यह सवाल उठा कि सरकार बनाने का सबसे अच्छा मौका किसके पास है तो नेसेट के ज्यादातर सदस्यों ने आइसेनकोट को “स्पष्ट और बिना किसी संदेह के समर्थन” दिया। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि 27 सीटों के साथ लिकुड अभी भी सबसे बड़ी पार्टी बनी हुई है। राष्ट्रपति ने अपने भाषण में उन सांसदों पर परोक्ष रूप से निशाना साधा जो अरब दलों की वैधता पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बातचीत ने "हम सभी को याद दिलाया है कि इजराइल के हर नागरिक की आवाज बराबर है - चाहे वह किसी भी पक्ष, विचार, जीवनशैली या धर्म से जुड़ा हो।"