November 14, 2026

एंटी स्मॉग गन को लेकर दिल्ली में सियासत तेज, आप ने खोली सरकारी दावों की पोल

नई दिल्ली 14 नवंबर: राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे इंतजामों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली सरकार पर प्रदूषण से निपटने के दावों और वास्तविक व्यवस्थाओं में अंतर होने का आरोप लगाया है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन के बंद होने का दावा करते हुए सरकार से जवाब मांगा है।

अंकुश नारंग एमसीडी मुख्यालय स्थित सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर पहुंचे। यहां से उन्होंने स्मॉग की चादर में लिपटी राजधानी का नजारा दिखाते हुए प्रदूषण की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सिविक सेंटर के ठीक सामने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन है और राजधानी के चारों ओर प्रदूषण का घना असर दिखाई दे रहा है। नारंग ने आरोप लगाया कि दिल्ली की हवा बेहद जहरीली हो चुकी है और लोगों को सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद प्रदूषण नियंत्रण के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे इंतजामों की स्थिति संतोषजनक नहीं है।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि गुरुवार शाम 5 बजकर 41 मिनट पर एमसीडी मुख्यालय में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 546 दर्ज किया गया था। उन्होंने इस आंकड़े का उल्लेख करते हुए राजधानी में प्रदूषण की स्थिति को गंभीर बताया। अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में एंटी स्मॉग गन लगाने और उनके बेहतर तरीके से संचालन का दावा कर रही है। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन ही काम नहीं कर रही है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार की अपनी इमारत में लगी एंटी स्मॉग गन बंद पड़ी है तो पूरी दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे इंतजामों की वास्तविक स्थिति क्या होगी। नारंग ने सरकार से एंटी स्मॉग गनों के संचालन को लेकर जवाब देने की मांग की। आप नेता ने आरोप लगाया कि एंटी स्मॉग गनों के उद्घाटन के दौरान बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जब प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए इन मशीनों के इस्तेमाल की आवश्यकता होती है, तब ये बंद मिलती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदूषण नियंत्रण के नाम पर दिल्ली की जनता को भ्रमित कर रही है।

नारंग ने राजधानी में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को लेकर सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण की गंभीर स्थिति के बावजूद सरकार इस समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को केवल दावों के सहारे नहीं रखा जाना चाहिए। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाई गई एंटी स्मॉग गनों का संचालन किस प्रकार किया जा रहा है और बंद पड़ी मशीनों को चालू करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि राजधानी में बंद पड़ी सभी एंटी स्मॉग गनों को तत्काल चालू किया जाए। इसके साथ ही प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि दिल्लीवासियों को बढ़ते वायु प्रदूषण से राहत मिल सके। अंकुश नारंग ने दिल्ली सरकार पर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण लोगों की जान पर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन सरकार जनता की सेहत और सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। सिविक सेंटर की 28वीं मंजिल पर लगी एंटी स्मॉग गन के संचालन को लेकर उठाए गए सवालों के साथ आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दावों को निशाने पर लिया है। पार्टी ने बंद मशीनों को तत्काल चालू करने और राजधानी में प्रदूषण की रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.