November 14, 2026

क्रिकेट में एक नए प्रारूप ‘टेस्ट ट्वेंटी’ की शुरुआत

कोलंबो, 14 नवंबर । क्रिकेट में एक नए प्रारूप ‘टेस्ट ट्वेंटी’ की शुरुआत हो गई है। इसे दुनिया का पहला मिश्रित लिंग वाला क्रिकेट टूर्नामेंट बताया जा रहा है, जिसमें लड़के और लड़कियां एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे और उनके प्रदर्शन के आधार पर टीम का साझा परिणाम तय होगा।

श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में शुक्रवार रात आयोजित भव्य समारोह में इस नए प्रारूप का शुभारंभ किया गया। समारोह में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मैथ्यू हेडन, श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड और विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा मौजूद रहे। आयोजकों ने शनिवार को एक रिलीज के जरिए उक्त जानकारी दी।

टेस्ट ट्वेंटी का पहला सत्र 14 से 29 नवंबर तक खेला जाएगा। इसमें कुल 10 मुकाबले होंगे।

एक दिन में पूरा होगा 80 ओवर का मुकाबला

टेस्ट ट्वेंटी को क्रिकेट का चौथा प्रारूप बताया जा रहा है। इसमें प्रत्येक टीम को दो पारियों में 20-20 ओवर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा। इस तरह एक मुकाबले में कुल 80 ओवर का खेल होगा। पहली पारी में बनाए गए रन दूसरी पारी के स्कोर में जुड़ेंगे। यह मुकाबला एक ही दिन में पूरा होगा। इसमें टेस्ट क्रिकेट की रणनीति और टी20 क्रिकेट की तेजी एवं रोमांच को एक साथ लाने का प्रयास किया गया है।

इस प्रारूप में फॉलोऑन का विकल्प भी रहेगा। मुकाबले का परिणाम जीत, हार, टाई या ड्रॉ के रूप में निकल सकता है। टाई होने पर सुपर ओवर से फैसला होगा। ड्रॉ के लिए चौथी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को आखिरी गेंद तक चार से अधिक विकेट नहीं गंवाने होंगे। यदि पांचवां विकेट गिरता है तो ड्रॉ की संभावना समाप्त हो जाएगी और मुकाबला जीत या हार के परिणाम की ओर बढ़ेगा।

लड़के और लड़कियों के लिए समान अवसर का नियम

इस प्रारूप की सबसे खास विशेषता ‘पैरिटी रूल’ यानी समानता का नियम है। इसके तहत प्रत्येक फ्रेंचाइजी में लड़कों की एकादश और लड़कियों की एकादश होगी। दोनों टीमें अलग-अलग 40-40 ओवर के मुकाबलों में खेलेंगी, लेकिन दोनों का प्रदर्शन एक ही मैच के परिणाम और चैंपियनशिप की अंक तालिका में जोड़ा जाएगा। किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए दोनों टीमों के संयुक्त योगदान के बिना खिताब जीतना संभव नहीं होगा।

टूर्नामेंट में 13 से 21 वर्ष तक के युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से उभरती प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देना है।

चार महाद्वीपीय फ्रेंचाइजी लेंगी हिस्सा

पहले सत्र में चार महाद्वीपीय फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। इनमें दक्षिण एशिया, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप और सब-सहारा अफ्रीका शामिल हैं। सभी टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ एक-एक मुकाबला खेलेंगी। इसके बाद क्वालीफायर-1, एलिमिनेटर और क्वालीफायर-2 के मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट का फाइनल 29 नवंबर, रविवार को खेला जाएगा।

टेस्ट ट्वेंटी की सलाहकार समिति में एबी डिविलियर्स, मैथ्यू हेडन और सर क्लाइव लॉयड जैसे दिग्गज शामिल हैं। भारतीय कोच राजकुमार शर्मा चयन समिति के अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। इस पहल का नेतृत्व इसके संस्थापक और अध्यक्ष गौरव बहिरवानी कर रहे हैं।

हेडन बोले- युवा खिलाड़ियों को मिलेगा ज्यादा खेलने का अवसर

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और ऑस्ट्रेलिया फ्रेंचाइजी के मेंटर मैथ्यू हेडन ने कहा कि यह प्रारूप युवा खिलाड़ियों को अधिक क्रिकेट खेलने का अवसर देगा। उन्होंने कहा, “कम खेलने से कोई बेहतर खिलाड़ी नहीं बनता। मौजूदा समय में 50 ओवर और टी20 क्रिकेट पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। टेस्ट ट्वेंटी खिलाड़ियों को मैदान पर अधिक समय बिताने, प्रदर्शन करने और अपने कौशल को विकसित करने का अवसर देगा। लड़के और लड़कियों का एक साथ खेलना इसे और भी महत्वपूर्ण बनाता है।”

हेडन ने इसे अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए अच्छा मंच बताते हुए कहा कि यह मौजूदा उच्च प्रदर्शन वाली क्रिकेट व्यवस्था का विकल्प बनने के बजाय उसे मजबूत करेगा।

श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर रसेल अर्नोल्ड ने कहा कि टेस्ट ट्वेंटी युवा खिलाड़ियों को अनुभव हासिल करने, अलग-अलग संस्कृतियों को समझने और अपने कौशल को निखारने का शानदार अवसर देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि समानता और अवसरों पर आधारित यह प्रारूप भविष्य में क्रिकेट में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।

राजकुमार शर्मा ने भी इसे क्रिकेट के लिए नई और शानदार पहल बताया। उन्होंने कहा कि लड़के और लड़कियों को एक ही टूर्नामेंट में शामिल करने की यह अवधारणा काफी उत्साहजनक है। युवा खिलाड़ियों में इसे लेकर शानदार उत्साह है और क्रिकेट जगत से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने इस पहल के लिए गौरव बहिरवानी को बधाई दी।

क्रिकेट के नए प्रारूप की प्रमुख विशेषताएं

- प्रत्येक टीम दो पारियों में 20-20 ओवर खेलेगी।

- एक मुकाबले में कुल 80 ओवर का खेल होगा।

- पहली पारी का स्कोर दूसरी पारी में जोड़ा जाएगा।

- लड़कों और लड़कियों की अलग-अलग एकादश एक ही फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगी।

- दोनों टीमों का प्रदर्शन मिलकर मैच का परिणाम तय करेगा।

- फॉलोऑन का विकल्प रहेगा।

- मुकाबले का परिणाम जीत, हार, टाई या ड्रॉ हो सकता है।

- टाई होने पर सुपर ओवर से फैसला होगा।

- ड्रॉ के लिए चौथी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को अंतिम गेंद तक अधिकतम चार विकेट गंवाने होंगे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.