November 15, 2026

नेपाल में तीन महीने में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव, 195 नए उद्योग पंजीकृत

काठमांडू, 15 नवंबर । नेपाल में चालू आर्थिक वर्ष 2026/27 की पहली तिमाही में औद्योगिक क्षेत्र में दस हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। उद्योग विभाग में पंजीकृत कुल 195 उद्योगों ने यह निवेश प्रस्ताव पेश किया है। उद्योग विभाग की त्रैमासिक रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त से अक्टूबर तक की अवधि में 14 बड़े, 22 मध्यम और 159 छोटे उद्योग पंजीकृत हुए हैं। इन उद्योगों के माध्यम से कुल 10 हजार 220 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया गया है।

विभाग के अनुसार, पहली तिमाही में सबसे अधिक उद्योग सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र से संबंधित पंजीकृत हुए हैं। इस क्षेत्र में कुल 86 उद्योग पंजीकृत हुए हैं। इन उद्योगों ने 158 करोड़ रुपये के निवेश और 950 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया है। इसी तरह, पर्यटन क्षेत्र में 40 और सेवा क्षेत्र में 23 उद्योग पंजीकृत हुए हैं। पर्यटन क्षेत्र के उद्योगों ने 563 करोड़ रुपये के निवेश और 1,618 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया है। वहीं, सेवा क्षेत्र में पंजीकृत उद्योगों ने 325 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 4,132 लोगों को रोजगार देने की योजना पेश की है।

इस अवधि में सबसे अधिक निवेश प्रस्ताव ऊर्जा क्षेत्र में आए हैं। विभाग के अनुसार, ऊर्जा क्षेत्र में पंजीकृत तीन उद्योगों ने 7,133 करोड़ 35 रुपये के निवेश और 173 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया है। इसी तरह, बुनियादी ढांचा क्षेत्र में पंजीकृत दो उद्योगों ने 207 करोड़ रुपये के निवेश और 2,380 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया है।

विभाग के अनुसार, इस अवधि में विनिर्माण क्षेत्र के 37, कृषि एवं वन क्षेत्र के तीन और खनिज क्षेत्र का एक उद्योग पंजीकृत हुआ है। विनिर्माण क्षेत्र के उद्योगों ने 108 करोड़ रुपये के निवेश और 207 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया है। इसी तरह, कृषि एवं वन क्षेत्र के उद्योगों ने 112 करोड़ रुपये के निवेश और 706 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव किया है। वहीं, खनिज क्षेत्र के उद्योगों ने 16 करोड़ रुपये के निवेश और 54 लोगों को रोजगार देने की योजना पेश की है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.