November 16, 2026

रायगढ़ में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का समापन, हजारों श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

रायगढ़, 16 नवंबर । सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ समापन हो गया। इस अवसर पर व्रतियों ने छठ घाटों पर विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की। चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

रायगढ़ शहर में केलो नदी के किनारे जुटमिल लेबर कॉलोनी स्थित घाट पर मेले जैसा माहौल रहा। पूरा घाट छठी मैया के पारंपरिक गीतों, दीपों और आस्था की रोशनी से जगमगा उठा। कठिन निर्जला उपवास के बाद भी व्रतियों के चेहरे पर श्रद्धा, संतोष और उत्साह झलक रहा था। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके अलावा केलो नदी के खर्रा घाट, कयाघाट, एसईसीएल घाट सहित शहर के विभिन्न तालाबों में भी छठ पूजा संपन्न हुई।

सोमवार सुबह सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालुओं का छठ घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। जैसे ही सूर्य की पहली किरण दिखाई दी, व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला उपवास पूरा कर पारण किया। घाटों पर गूंजते छठी मैया के गीतों और भक्तिमय वातावरण के बीच लोक आस्था का यह महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.