November 21, 2026

ईरान का दावा -होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर मार गिराया 58वां अमेरिकी एमक्यू-9 रीपर ड्रोन

तेहरान, 21 नवंबर । ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक बड़ा दावा किया है। आईआरजीसी के मुताबिक, उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर एक अमेरिकी सैन्य एमक्यू-9 रीपर ड्रोन को मार गिराया है। ईरानी सेना का दावा है कि यह अब तक उसके द्वारा मार गिराया गया 58वां अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन है।

ईरान सरकार की अंतरराष्ट्रीय समाचार नेटवर्क प्रेस टीवी

ने आईआरजीसी के हवाले से बताया कि, इस कार्रवाई को हाल ही में तैनात किए गए एक नए और उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से अंजाम दिया गया। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनकी एयरोस्पेस फोर्स ने ड्रोन की पहचान करने के बाद उसे इंटरसेप्ट किया और नष्ट कर दिया। हालांकि, इस घटना को लेकर अमेरिकी पक्ष की ओर से स्वतंत्र पुष्टि सामने आने तक ईरान के दावे को आधिकारिक दावा ही माना जाना चाहिए।

ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य में होने वाली सैन्य और हवाई गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने वाली किसी भी गतिविधि का जवाब दिया जाएगा। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। यहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ऐसे में इस क्षेत्र में किसी भी सैन्य टकराव का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर पड़ सकता है।

गाैरतलब है कि, एमक्यू-9 रीपर अमेरिकी सेना का अत्याधुनिक मानवरहित हवाई विमान है। इसे मध्यम ऊंचाई पर लंबे समय तक उड़ान भरने के लिए विकसित किया गया है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और सैन्य अभियानों में किया जाता है। जरूरत पड़ने पर यह लक्षित हमले करने में भी सक्षम है। इस ड्रोन की खासियत यह है कि यह लंबे समय तक हवा में रहकर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर सकता है। अमेरिकी सेना इसका इस्तेमाल विभिन्न सैन्य अभियानों में करती रही है।

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के साथ जारी सैन्य संघर्ष के दौरान ईरान ने कई अमेरिकी ड्रोन मार गिराए हैं। ताजा दावे ने दोनों देशों के बीच पहले से जारी तनाव को और चर्चा में ला दिया है।

विशेषज्ञों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे रणनीतिक क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों में बढ़ोतरी से क्षेत्रीय सुरक्षा के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ सकता है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.