नई दिल्ली 21 नवंबर: आमतौर पर जब भी फेफड़ों के कैंसर की बात होती है, तो सबसे पहले सिगरेट और तंबाकू का नाम सामने आता है। लोगों को लगता है कि जो व्यक्ति धूम्रपान नहीं करता, उसे लंग कैंसर होने का खतरा बहुत कम है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सिगरेट से दूर रहने के बावजूद आप फेफड़ों के कैंसर की चपेट में आ सकते हैं? इसकी एक बड़ी वजह वायु प्रदूषण हो सकता है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, हवा में मौजूद पीएम2.5 जैसे बेहद छोटे प्रदूषक कण सांस के जरिए फेफड़ों के अंदर तक पहुंच सकते हैं। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (आईएआरसी) भी बाहरी वायु प्रदूषण में मौजूद कणों को कैंसरकारी मान चुकी है। नई समीक्षा के अनुसार, पीएम2.5 का स्तर बढ़ने के साथ फेफड़ों के कैंसर का जोखिम भी बढ़ सकता है। इसका असर उन लोगों पर भी पड़ता है, जिन्होंने कभी सिगरेट नहीं पी
धूम्रपान और तंबाकू के सेवन को कम करने के लिए दुनियाभर में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और कई जगहों पर इनकी दरों में कमी भी आई है। इसके बावजूद ऐसे लोगों में फेफड़ों के कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया। खासकर पूर्वी एशिया में यह स्थिति ज्यादा देखने को मिल रही है। बीजिंग स्थित पेकिंग यूनिवर्सिटी पीपुल्स हॉस्पिटल के केझोंग चेन के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिकों की एक टीम ने इस विषय पर उपलब्ध शोधों का विश्लेषण किया। शोधकर्ताओं ने पीएम2.5 से जुड़े फेफड़ों के कैंसर को समझाने के लिए 'पीएम से जुड़े फेफड़ों के कैंसर के 12 मुख्य लक्षण' नाम का एक फ्रेमवर्क तैयार किया है।
इसके मुताबिक, प्रदूषण केवल फेफड़ों की कोशिकाओं के डीएनए को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उनके आसपास के वातावरण में भी बदलाव करता है। इससे शरीर में लंबे समय तक सूजन बनी रह सकती है। शोधकर्ताओं के अनुसार, पीएम2.5 के संपर्क में आने से फेफड़ों में मौजूद मैक्रोफेज कोशिकाएं सक्रिय हो सकती हैं और इंटरल्यूकिन-1 बीटा नामक सूजन बढ़ाने वाले तत्व का स्राव कर सकती हैं। इससे पहले से मौजूद असामान्य कोशिकाओं को बढ़ने का अनुकूल माहौल मिल सकता है।
स्टडी में यह भी बताया गया कि धूम्रपान न करने वाले लोगों में होने वाले फेफड़ों के कैंसर की कुछ विशेषताएं धूम्रपान करने वालों से अलग होती हैं। इनमें ईजीएफआर जीन के म्यूटेशन ज्यादा देखने को मिलते हैं। कई मामलों में फेफड़ों में एक से ज्यादा ट्यूमर भी पाए जाते हैं। बुजुर्गों और ऐसे लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है, जो लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहते हैं। इसके अलावा, जिन लोगों में आनुवंशिक रूप से कैंसर का जोखिम अधिक है, उनमें प्रदूषण का असर ज्यादा हो सकता है।
© Hind Kesari24. All Rights Reserved.