November 23, 2026

एससीओ सभ्यतागत संवाद में पांडुलिपियों के संरक्षण व डिजिटलीकरण पर चर्चा, 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियां सर्वेक्षण में दर्ज

नई दिल्ली, 23 नवंबर। भारत सहित शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों और संवाद साझेदारों ने साझा पांडुलिपि विरासत के संरक्षण, अनुवाद, डिजिटलीकरण और शोध के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर पहले सभ्यतागत संवाद मंच पर चर्चा की। नई दिल्ली के पुराना किला परिसर में आयोजित सत्र में बताया गया कि ज्ञान भारतम मिशन के राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण के तहत अब तक 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अनुसार ज्ञान भारतम मिशन के तहत 22 नवंबर को प्रथम एससीओ सभ्यता संवाद मंच में 'भाषा, साहित्य, लिपि एवं पांडुलिपि परंपराएं' विषय पर चौथा सत्र आयोजित किया गया। यह मंच 20 से 22 नवंबर तक आयोजित हुआ था, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। सत्र में एससीओ सदस्य देशों और संवाद साझेदारों के विद्वानों, विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

ज्ञान भारतम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव इंद्रजीत सिंह ने प्रतिभागियों को मिशन की गतिविधियों की जानकारी दी। इनमें पांडुलिपियों का सर्वेक्षण और सूचीकरण, संरक्षण और क्षमता निर्माण, प्रौद्योगिकी एवं डिजिटलीकरण, भाषाविज्ञान एवं अनुवाद तथा शोध, प्रकाशन और जनसंपर्क शामिल हैं।

उन्होंने मिशन के तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सुविधाओं और ज्ञान-मित्र एआई, पांडुलिपि दर्पण तथा भारतीय जीपीटी की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ज्ञान भारतम मिशन के लिए यह साझा जिम्मेदारी के साथ मिलकर काम करने का अवसर भी है। उन्होंने एससीओ क्षेत्र में भारतीय लिपियों के महत्व और वैश्विक ज्ञान के डिजिटल संग्रह के निर्माण में पांडुलिपियों की भूमिका का उल्लेख किया।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर राजनीश कुमार मिश्रा ने भारत की भाषाई और लिपि विरासत तथा एशियाई भाषाओं पर उसके प्रभाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय विचार और संस्कृति का प्रसार विभिन्न मार्गों से दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों तक हुआ। कलकत्ता विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के प्रमुख प्रोफेसर केके मिश्रा ने पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण, विभिन्न भाषाओं में अनुवाद, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल और वैश्विक स्तर पर उनकी पहुंच बढ़ाने की जरूरत बताई।

पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय (टीकेडीएल) इकाई की प्रमुख डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने पारंपरिक ज्ञान की चोरी और अनुचित इस्तेमाल रोकने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने बौद्धिक संपदा अधिकार, पेटेंट कोड, डिजिटल डेटाबेस में व्यवस्थित जानकारी और नियंत्रित पहुंच की आवश्यकता बताई।

आईआईटी मुंबई के प्रोफेसर के. रामा सुब्रमण्यम ने पांडुलिपियों के संरक्षण और अनुवाद की प्रामाणिकता पर चर्चा की। उन्होंने पंचतंत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि इसका 50 से अधिक विदेशी भाषाओं में अनुवाद हो चुका है। अनुवाद के दौरान मूल सामग्री का अर्थ और संदर्भ सुरक्षित रहना चाहिए।

सत्र में ईरान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, कंबोडिया, उज्बेकिस्तान, लाओस और नेपाल सहित कई एससीओ देशों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने अपने देशों में पांडुलिपियों के संरक्षण से जुड़ी पहलों की जानकारी दी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.