November 25, 2026

प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सजा मिस यूनिवर्स 2026 का ताज

सैन जुआन (प्यूर्टो रिको), 25 नवंबर। प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया । सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में 116 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया, लेकिन जेनिफर ने अपनी प्रतिभा और प्रदर्शन से सभी को पीछे छोड़ दिया। उन्हें वर्ष 2025 की मिस यूनिवर्स विजेता मेक्सिको की फातिमा बॉश ने ताज पहनाया। इस बार प्रतियोगिता का आयोजन प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में किया गया। कई हफ्तों तक चली इस प्रतियोगिता में विभिन्न देशों की संस्कृति और प्रतिभा की झलक देखने को मिली।

इस साल प्रतियोगिता के 75वें संस्करण के मौके पर एक खास ताज भी पेश किया गया। 'द रेडियंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी' नाम के इस ताज को ज्वेलरी डिजाइनर जॉर्ज विटल्स ने पेरिस के ज्वेलरी हाउस 'मेसन डी'ओर' के साथ मिलकर तैयार किया । 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड से बने इस ताज में 3,150 हीरे जड़े गए हैं। हालांकि, इस बार की प्रतियोगिता केवल अपनी भव्यता के लिए ही नहीं, बल्कि विवादों के कारण भी चर्चा में रही। वीजा संबंधी परेशानियों और फ्रेंचाइजी विवादों के चलते कुछ देशों की प्रतिभागियों को प्रतियोगिता से हटना पड़ा। वहीं, इजराइल की प्रतिभागी की नेशनल कॉस्ट्यूम को लेकर भी सोशल मीडिया पर विरोध देखने को मिला।

भारत के केरल की 19 वर्षीय काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उन्होंने टॉप-30 में जगह बनाकर देश का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन स्विमसूट राउंड के बाद टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं। मॉडल होने के साथ कानून की छात्रा काजिया ने इसी साल मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली केरल की पहली महिला बनी थीं। इससे पहले 2024 में उन्होंने मिस टीन दिवा का खिताब जीता था और 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए फर्स्ट रनर-अप रही थीं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.