November 25, 2026

दिल्ली दंगा: शरजील और उमर खालिद की नई जमानत याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस

नई दिल्ली, 25 नवंबर । उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली दंगों की साजिश रचने के आरोपित शरजील इमाम और उमर खालिद की ओर से दाखिल नयी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

शरजील इमाम और उमर खालिद ने दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती दी है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 30 सितंबर को इन दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। जस्टिस प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा था कि उच्च न्यायालय उच्चतम न्यायालय के आदेश से बंधी है और न्यायिक अनुशासन का पालन करना जरूरी है।

इसके पहले कड़कड़डूमा कोर्ट ने 4 जुलाई को उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। एडिशनल सेशंस जज समीर बाजपेयी ने कहा था कि वो उच्चतम न्यायालय के 5 जनवरी के आदेश का पालन करने के लिए बाध्य हैं। कड़कड़डूमा कोर्ट ने कहा था कि उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाएं ट्रायल कोर्ट में भी सुनवाई योग्य नहीं हैं।

उमर खालिद और शरजील इमाम इससे पहले भी उच्चतम न्यायालय गए थे लेकिन 5 जनवरी को उच्चतम न्यायालय ने इनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। हालांकि, 5 जनवरी को उच्चतम न्यायालय ने गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, शादाब अहमद और मोहम्मद सलीम खान को जमानत दे दी थी। उसके बाद उच्चतम न्यायालय ने 22 मई को आरोपित खालिद सैफी और तसलीम अहमद को छह महीने की अंतरिम जमानत दी।

इस मामले के चार आरोपितों सफूरा जरगर, आसिफ इकबाल तान्हा, देवांगन कलीता और नताशा नरवाल को भी पहले ही जमानत मिल चुकी है। इस मामले में 18 आरोपितों के खिलाफ यूएपीए के तहत दर्ज मामले में चार्जशीट दाखिल की गई है। इस मामले में जिन लोगों को आरोपित बनाया गया है उनमें सफूरा जरगर, ताहिर हुसैन, उमर खालिद, खालिद सैफी, इशरत जहां, मीरान हैदर, गुलफिशा, शफा उर रहमान, आसिफ इकबाल तान्हा, शादाब अहमद, तसलीम अहमद, सलीम मलिक, मोहम्मद सलीम खान, अतहर खान, शरजील इमाम, फैजान खान, नताशा नरवाल और देवांगन कलीता शामिल हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.