November 26, 2026

अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक के लिए बिहार खनिज नियमावली में संशोधन को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति

पटना, 26 नवंबर । बिहार में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने तथा खनिज राजस्व की सुरक्षा के लिए बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) (तृतीय संशोधन) नियमावली, 2026 को मंत्रिपरिषद की स्वीकृति प्रदान की गई है।

संशोधित नियमावली में खनिजों के ग्रेड का गलत वर्गीकरण रोकने, परिवहन वाहनों का निबंधन एवं डिजिटल डाटाबेस तैयार करने, जीपीएस निगरानी अनिवार्य करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त वाहनों पर सख्त कार्रवाई के प्रावधान किए गए हैं।

खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि राज्य में खनिज संपदा की अवैध निकासी को सरकार कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। सभी जरूरी उपायों के जरिए इस पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।सरकार तकनीक आधारित निगरानी एवं कठोर प्रवर्तन के माध्यम से अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य खनिज संसाधनों का पारदर्शी उपयोग, राजस्व की सुरक्षा और बिहार के विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाना है।

संशोधन के प्रमुख प्रावधान

लौह अयस्क का सही वर्गीकरण: गलत ग्रेड निर्धारण से होने वाली राजस्व क्षति रोकने के लिए नियम-17 में नया प्रावधान।

उत्तराधिकारियों को राहत: खनिज समानुदानधारी अथवा लेटर ऑफ इन्टेन्ट धारक की मृत्यु पर विधिक उत्तराधिकारियों को हस्तांतरण की सुविधा।

प्रबंधन शुल्क: पीला बालू पर 20 रुपये, उजला बालू पर 10 रुपये और पत्थर पर 50 रुपये प्रति मीट्रिक टन शुल्क। इससे प्रतिवर्ष लगभग 100 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व का अनुमान।

वाहनों का निबंधन एवं जीपीएस: लघु खनिज परिवहन वाहनों का निबंधन तथा अन्य राज्यों से खनिज लेकर बिहार आने वाले वाहनों में जीपीएस अनिवार्य।

दंड का प्रावधान: जीपीएस नहीं लगाने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं हाफ ट्रक पर 50,000 रुपये तथा बड़े वाहनों पर 2 लाख रुपये का दंड।

अवैध परिवहन पर कार्रवाई: संपूर्ण खनिज मूल्य एवं शमन शुल्क जमा होने तक संबंधित वाहनों के लिए खनिज चालान जारी नहीं किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि इन संशोधनों से अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा, खनिज राजस्व सुरक्षित रहेगा और खनन व्यवस्था अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनेगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.