May 26, 2025

सिंगापुर ओपन में सात्विक-चिराग करेंगे भारतीय चुनौती का नेतृत्व, सिंधु-प्रणय पर भी रहेंगी निगाहें

नई दिल्ली, 26 मई  सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट मंगलवार से शुरू होने जा रहा है, जिसमें भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसैराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की बहुप्रतीक्षित वापसी देखने को मिलेगी। चोटों से जूझने के बाद अब यह जोड़ी पूरी तरह फिट है और मलेशिया की जोड़ी चूंग हॉन जियान और मुहम्मद हैकाल के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 सात्विक और चिराग आखिरी बार ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में खेले थे, लेकिन चिराग की पीठ की चोट के कारण दूसरे दौर से हट गए थे। इसके बाद सात्विक की तबीयत के चलते वे सुदीरमन कप से भी बाहर रहे। अब दोनों फिर से टॉप लेवल पर खेलने को तैयार हैं।

प्रणय और लक्ष्य सेन की चुनौती

2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता एच.एस. प्रणय, जो पिछले साल चिकनगुनिया से जूझ रहे थे, अब वापसी की राह पर हैं। वह डेनमार्क के रासमुस गेमके के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। पेरिस ओलंपिक सेमीफाइनल तक पहुंचने वाले लक्ष्य सेन के लिए यह टूर्नामेंट अहम होगा। इस साल उन्होंने चार बार पहले ही राउंड में हार झेली है। उनका पहला मुकाबला लिन चुन यी से होगा।

महिला एकल में सिंधु की अगुवाई

भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु इस बार महिला एकल की अगुवाई करेंगी। फरवरी में ट्रेनिंग के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट के बाद वह एशिया टीम चैंपियनशिप से बाहर रहीं। वापसी के बाद उन्होंने थूई लिन्ह गुयेन, पुत्री वारदानी और किम गाए यून के खिलाफ हार का सामना किया। सिंधु का पहला मुकाबला कनाडा की वेन यू झांग से होगा।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों की राह कठिन

टूर्नामेंट में अन्य भारतीय खिलाड़ियों के लिए राह कठिन है। अनमोल खर्ब का सामना चीन की ओलंपिक चैंपियन चेन यू फी से होगा। जबकि आकर्षी कश्यप तीसरी वरीयता प्राप्त हान युए से भिड़ेंगी। मालविका बंसोड़ थाईलैंड की सुपनिदा काटेथोंग से खेलेंगी। रक्षिता रामराज कोरिया की किम गा यून से टकराएंगी। अनुपमा उपाध्याय का मुकाबला चीनी ताइपे की सुंग शुओ युन से होगा। उन्नति हुड्डा दूसरी वरीयता प्राप्त वांग झी यी से भिड़ेंगी, जो मलेशिया मास्टर्स की चैंपियन हैं।

डबल्स में भी भारतीय उम्मीदें

भारत की शीर्ष महिला डबल्स जोड़ी ट्रिशा जोली और गायत्री गोपीचंद, जिन्हें आठवीं वरीयता मिली है, चीनी ताइपे की चांग चिंग हुई और यांग चिंग तुन के खिलाफ खेलेंगी। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनिशा क्रास्टो और रोहन कपूर-रुत्विका गड्डे भारतीय चुनौती पेश करेंगे।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.