April 01, 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

नई दिल्ली, 01 अप्रैल । पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के जल्द थमने का संकेत मिलने और मजबूत ग्लोबल संकेतों की वजह से घरेलू शेयर बाजार ने भी आज शुरुआती कारोबार के दौरान जोरदार तेजी का रुख बना हुआ है। आज सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने दो प्रतिशत से भी अधिक की मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली का झटका भी लगता रहा, लेकिन बाजार में हो रही जोरदार खरीदारी के कारण ये दोनों सूचकांक लगातार शानदार मजबूती के साथ कारोबार करते रहे। सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 2.10 प्रतिशत और निफ्टी 2.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

आज प्रातः 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटर ग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रेंट लिमिटेड, अदानी पोर्ट्स और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयर 8.74 प्रतिशत से लेकर 5.50 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, निफ्टी 50 में शामिल इकलौता एचडीएफसी लाइफ का शेयर 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,839 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,732 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 107 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल सभी 30 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 49 शेयर हरे निशान में और सिर्फ एक शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,814.88 अंक की मजबूती के साथ 73,762.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक उछल कर 73,964.58 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली का झटका लगने की वजह से सेंसेक्स की चाल में मामूली गिरावट भी दर्ज की गई। इस गिरावट के बावजूद यह सूचकांक लगातार जोरदार मजबूती के साथ ही कारोबार करता रहा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1,508.97 अंक की तेजी के साथ 73,456.52 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 567.60 अंक उछल कर 22,899 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक थोड़ी देर में ही ओपनिंग लेवल से 40 अंक से अधिक उछल कर 22,941.30 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के कारण हुई बिकवाली की वजह से इस सूचकांक की चाल में ऊपरी स्तर से कुछ गिरावट भी आई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10:30 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 466.15 अंक की बढ़त के साथ 22,797.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1,635.67 अंक यानी 2.22 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 71,947.55 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 488.20 अंक यानी 2.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,331.40 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.