April 11, 2026

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा का शाहदरा (उत्तरी) जोन में विद्यालयों का निरीक्षण, सुधार के सख्त निर्देश

नई दिल्ली, 11 अप्रैल । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने शनिवार को शाहदरा (उत्तरी) जोन के गौतम पुरी वार्ड स्थित नगर निगम विद्यालयों, आवासीय परिसर, कैथवाड़ा एवं ब्रह्मपुरी (टी-1) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने विद्यालयों में छात्रों की कम संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र संख्या बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने शिक्षकों की कमी के बावजूद दो शिफ्टों में कक्षाएं चलने पर नाराजगी जताते हुए सभी कक्षाओं को एक ही शिफ्ट में संचालित करने और रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने अभिभावकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिना अनुमति अवकाश लेने वाले शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में सभी शिक्षक नियमानुसार पूर्व स्वीकृति लेकर ही अवकाश लें।

सत्या शर्मा ने निरीक्षण में विद्यालयों में प्रकाश व्यवस्था की कमी को देखते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। विशेष रूप से ब्रह्मपुरी (टी-1) स्थित विद्यालय में शौचालयों की खराब स्थिति और साफ-सफाई में कमी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्थायी समिति अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा की दिल्ली नगर निगम विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ वातावरण और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने छात्रों की संख्या बढ़ाने, शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और विद्यालयों के समग्र वातावरण को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की बात कही।

शर्मा ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर शिक्षा अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, शाहदरा उत्तर जोन उपायुक्त ममता यादव और शिक्षा निदेशक निखिल तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.