April 18, 2026

भारतीय महिला हॉकी टीम की शानदार वापसी, अर्जेंटीना दौरे का समापन 2-2 की बराबरी से किया

ब्यूनस आयर्स, 18 अप्रैल। भारतीय महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना दौरे पर शानदार जुझारूपन दिखाते हुए चार मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर ली।

शुरुआती दो मुकाबलों में हार झेलने के बाद टीम ने जोरदार वापसी करते हुए अंतिम दोनों मैच जीतकर सीरीज को बराबरी पर समाप्त किया।

सीरीज का पहला मैच 13 अप्रैल को खेला गया, जिसमें भारत की ओर से नवनीत कौर (22वां मिनट) और अन्नू (29वां मिनट) ने गोल किए। हालांकि अर्जेंटीना ने मारिया एमिलिया लार्सन, विक्टोरिया ग्रानाटो और जुलेटा जानकुनास (दो गोल) की बदौलत 4-2 से जीत दर्ज की।

दूसरे मुकाबले (14 अप्रैल) में इशिका ने 22वें मिनट में भारत को बढ़त दिलाई, लेकिन अगुस्तिना गोर्जेलानी के दो गोल (34वें और 48वें मिनट) की मदद से अर्जेंटीना ने 2-1 से जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

तीसरे मैच (16 अप्रैल) में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की और 2-1 से जीत दर्ज की। नवनीत कौर (26वां मिनट) और नेहा (37वां मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। अर्जेंटीना की ओर से 52वें मिनट में एक गोल जरूर आया, लेकिन भारतीय टीम ने बढ़त बनाए रखी।

17 अप्रैल को खेले गए अंतिम मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्धारित समय तक मैच 0-0 से बराबरी पर रहा। भारतीय डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोई गोल नहीं होने दिया। इसके बाद शूटआउट में भारत ने 3-2 से जीत दर्ज कर सीरीज 2-2 से बराबर कर ली।

कार्यवाहक कप्तान नवनीत कौर ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा, “पहले दो मैच हारने के बाद वापसी करना आसान नहीं था, लेकिन टीम ने हिम्मत और जज्बा दिखाया। यह जीत बताती है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”

यह दौरा भारतीय टीम के लिए काफी अहम रहा, जहां उन्हें विदेशी परिस्थितियों में मजबूत टीम के खिलाफ खेलने का महत्वपूर्ण अनुभव मिला। अब टीम स्वदेश लौटकर आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी करेगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.