April 25, 2026

गोल्फर जिम फ्यूरिक को 2027 राइडर कप के लिए यूएस टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।

न्यूयॉर्क/लिमरिक, 25 अप्रैल । अमेरिका के अनुभवी गोल्फर जिम फ्यूरिक को 2027 राइडर कप के लिए यूएस टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। यह टूर्नामेंट आयरलैंड के लिमरिक स्थित अडारे मैनर में खेला जाएगा। यह फैसला उस समय आया जब दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स ने इस भूमिका को स्वीकार करने से इंकार कर दिया।

55 वर्षीय फ्यूरिक, जो पीजीए टूर पर 17 खिताब जीत चुके हैं, इससे पहले 2018 में पेरिस में भी राइडर कप में अमेरिका के कप्तान रह चुके हैं, जहां टीम को हार का सामना करना पड़ा था। वह कीगन ब्रैडली की जगह इस पद पर आए हैं।

फ्यूरिक अब जैक निकलॉस, टॉम वॉटसन और डेविस लव तृतीय के बाद ऐसे चौथे अमेरिकी कप्तान बन गए हैं जिन्हें दूसरी बार यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फ्यूरिक ने पीजीए ऑफ अमेरिका की प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “दूसरी बार यूएस राइडर कप टीम का कप्तान बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैं पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं कि खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सही माहौल और रणनीति प्रदान करूं, ताकि हम यूरोपीय जमीन पर कप वापस जीत सकें।”

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि वह अपने पिछले अनुभव का उपयोग करते हुए कुछ नए विचारों को भी शामिल करेंगे। गौरतलब है कि अमेरिका ने आखिरी बार 1993 में यूरोप में राइडर कप जीता था।

2018 में मिली हार के बाद फ्यूरिक की कप्तानी पर सवाल उठे थे, खासकर टीम चयन और रणनीति को लेकर। हालांकि, उन्होंने 2024 प्रेसिडेंट्स कप में अमेरिका को लगातार 10वीं जीत दिलाकर अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की।

दूसरी ओर, टाइगर वुड्स इस पद के लिए सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उन्होंने हाल ही में एक सड़क दुर्घटना और नशे में ड्राइविंग के आरोप के बाद स्वास्थ्य कारणों से खुद को इस जिम्मेदारी से दूर रखा है। पीजीए ऑफ अमेरिका ने बताया कि वुड्स फिलहाल इलाज पर ध्यान देना चाहते हैं।

यूरोपीय टीम की कप्तानी एक बार फिर ल्यूक डोनाल्ड को सौंपी गई है, जो लगातार तीसरी बार यह जिम्मेदारी निभाएंगे। उनका लक्ष्य अपनी टीम को लगातार तीसरी जीत दिलाना है।

2027 राइडर कप का आयोजन 17 से 19 सितंबर के बीच किया जाएगा, जहां फ्यूरिक की अगुवाई में अमेरिकी टीम यूरोप में जीत का सूखा खत्म करने की कोशिश करेगी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.