सुशासन तिहार : ननकी बाई को बिजली बिल में मिली बड़ी छूट
बिलासपुर 02 मई । सुशासन तिहार 2026 आमजन के लिए राहत और समाधान का सशक्त माध्यम बनकर सामने आ रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर जिला के ग्राम हरदी कला निवासी ननकी बाई के लिए यह वरदान साबित हुआ, आर्थिक कारणों से लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान करने में असमर्थ ननकी बाई को योजना के तहत 23 हजार से अधिक की छूट मिली है, ननकी बाई ने इस राहत के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया है।
ग्राम हरदी कला की ननकी बाई लंबे समय से बढ़े हुए बिजली बिल की समस्या से परेशान थीं। उनका कुल बिजली बिल 69,890 रुपये हो गया था, जिसे चुकाना उनके लिए अत्यंत कठिन था। ननकी बाई ने भावुक होकर बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह बिल का भुगतान नहीं कर पा रही थी। वह बिल को लेकर लगातार चिंता में थीं और समाधान का कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा था।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में उन्होंने अपनी समस्या दर्ज कराई। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच की और मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना के अंतर्गत उन्हें राहत प्रदान की गई। इस योजना के तहत ननकी बाई को 23,115 रुपये की छूट मिली, उन्हीने रजिस्ट्रेशन के रूप में 6700 रुपए का भुगतान किया, जिसके बाद उनके बकाया बिल में कमी की गई। अब वे 45885 का भुगतान करेंगी जिसमे उन्हें किश्त की भी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमन्त्री बिजली बिल समाधान योजना से मिली इस राहत से भावुक ननकी बाई ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से उन्हें बड़ी मदद मिली है। अब वे आसानी से अपना बिजली बिल चुका पाएंगी।