प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूएई के फुजैराह पेट्रोलियम उद्योग क्षेत्र पर ईरान केे ड्रोन हमले की निंदा की है।
नई दिल्ली, 05 मई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह पेट्रोलियम उद्योग क्षेत्र पर ईरान केे ड्रोन हमले की निंदा की है। हमले से आग लग गई और वहां काम कर रहे तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। उन्होंने नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने को अस्वीकार्य बताते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन के महत्व पर बल दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर कहा, “संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी तरह एकजुट है और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है। होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
वहीं इससे पहले विदेश मंत्रालय ने भी फुजैराह पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना को अस्वीकार्य बताया। भारत ने शत्रुता को तत्काल समाप्त करने और नागरिक बुनियादी ढांचे और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने पर रोक लगाने का आह्वान किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि भारत इस स्थिति से निपटने के लिए संवाद और कूटनीति का समर्थक है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। हम अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार होर्मुज जलडमरूमध्य से निर्बाध नौवहन और व्यापार की भी मांग करते हैं। भारत मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तत्पर है।