May 05, 2026

सुशासन तिहार: कुकरेल में समाधान शिविर, 314 आवेदन पहुंचे

धमतरी, 05 मई । छत्तीसगढ़ सरकार के निर्देशानुसार एक मई से 10 जून तक चल रहे सुशासन तिहार के तहत जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष अभियान जारी है। इसी क्रम में नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत कुकरेल में साेमवार देर शाम तक समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया, जहां प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद देखने को मिला।

शिविर में कुकरेल, दरगहन, सलोनी, छुही, सियादेही, कांटाकुरीडीह, बनबगौद, माकरदोना, बाजारकुर्रीडीह, झुरातराई, कुम्हड़ा, डोकाल, केरेगांव, भोथापारा, चनागांव, सियारीनाला और खैरभरी सहित 17 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। कुल 314 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 306 मांग और आठ शिकायतें रहीं। इनमें से 266 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

जिला जनसंपर्क विभाग के अधिकारियाें ने आज मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा, जनपद पंचायत नगरी अध्यक्ष महेश गोटा, उपाध्यक्ष हृदय साहू, सभापति शुभंम यदु, जनपद सदस्य चन्द्रकला साहू एवं ईश्वरी नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत कुकरेल के सरपंच ओंकार सिंह नेताम और अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र सिंह ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी प्रीति दुर्गम तथा नोडल अधिकारी शिव कुमार चन्द्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शिविर में लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

शिविर में राजस्व, पंचायत, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित भी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन आमजन के और करीब आ रहा है। आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.