दिल्ली की उपमहापौर ने रामनगर वार्ड का किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 08 मई । दिल्ली की उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत ने शुक्रवार को शाहदरा उत्तरी क्षेत्र में रामनगर वार्ड संख्या 222 का क्षेत्रीय निरीक्षण किया।
उपमहापौर ने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, नियमित एवं सुदृढ़ बनाया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध हो सके। उन्होंने विशेष रूप से सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मोनिका पंत ने निगम विद्यालय का भी निरीक्षण किया तथा विद्यालय परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सके।
उपमहापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान एवं विकास कार्यों में गति बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर क्षेत्रीय निगम पार्षद चंद्र प्रकाश शर्मा तथा शाहदरा उत्तरी क्षेत्र की उपायुक्त ममता यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।