May 11, 2026

सोमनाथ अमृतपर्व-2026 में प्रधानमंत्री ने किया प्रथम ज्योतिर्लिंग का पूजन

गिर सोमनाथ, 11 मई । गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सोमनाथ अमृतपर्व-2026’ के ऐतिहासिक समारोह में प्रधानमंत्री एवं सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र मोदी प्रभास पाटन पहुंचे और प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ का दर्शन-पूजन किया।

इस दौरान भारतीय संस्कृति, आस्था और गौरव के प्रतीक भगवान सोमनाथ महादेव मंदिर में सोमवार को ‘सोमनाथ अमृतपर्व-2026’ पूरे मंदिर परिसर में शंख, डमरू और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बन गया।

प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर परिसर तक जोरदार स्वागत की व्यवस्था की गई थी। भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाती प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया गया। मार्ग में प्रधानमंत्री ने सोमनाथ विषय पर निर्मित आकर्षक रेत शिल्प का अवलोकन भी किया। 75 ढोलवादकों के नाद तथा तूतारी की गूंज के बीच पारंपरिक वेशभूषा में सजी लगभग 100 बालिकाओं और कन्याओं ने सिर पर अमृत कलश धारण कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

मंदिर परिसर में प्रवेश से पूर्व प्रधानमंत्री ने अखंड भारत के शिल्पी एवं सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के स्वप्नदृष्टा लौहपुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद ऋषिकुमारों द्वारा शंख और डमरू के मंगलनाद के बीच प्रधानमंत्री विशेष मार्ग से होकर गर्भगृह पहुंचे, जहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान सोमनाथ की महापूजा की और देश की प्रगति तथा जन-जन के सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने मंदिर शिखर पर कुंभाभिषेक और ध्वजारोहण भी किया। इस दौरान भारतीय वायुसेना के दो चेतक हेलीकॉप्टरों द्वारा मंदिर शिखर पर पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा समुद्र तट और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। भारतीय वायुसेना की ‘सूर्यकिरण’ हवाई कलाबाजी दल ने आकाश में रोमांचक प्रदर्शन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित सोमनाथ की गौरवशाली विरासत और इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी सहित अनेक संत, महंत, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.