May 15, 2026

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से बादल गरजने के साथ बारिश हो रही है, तापमान में आई गिरावट

रायपुर, 15 मई । छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शुक्रवार सुबह से बादल गरजने के साथ बारिश हो रही है। रायपुर में काले बादल छाए हैं और मानसून जैसी बारिश हो रही है। इसके अलावा बलौदा बाजार, महासमुंद, धमतरी और रायगढ़ में तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

रायपुर में सुबह से लगभग 8 बजे के बाद आसमान में काले बादल छाए और बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। बादल गरजने के साथ बारिश होने लगी। ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

बलौदा बाजार में बीती देर रात आए आंधी तूफान में जिला मुख्यालय में कई जगह बड़े पेड़ बीच सड़क पर धराशाई हो गए। इससे आवागमन बाधित हो गया। आज सुबह दुकान दफ्तर पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं नगरपालिका की एक टीम रास्ता साफ करने में लगी हुई है। वहीं बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है।

महासमुंद जिले में देर रात से शुरू हुई आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई। वहीं सुबह से गरज-चमक के साथ पिथोरा में तेज बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बारिश के चलते गांवों की गलियां पानी-पानी हो गईं। इधर रायगढ़ में भी रायपुर के बाद बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। सुबह से बादल छाए रहने के बाद गरज-चमक के साथ बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। वहीं धमतरी में भी मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू होने से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। इसके अलावा बिलासपुर में सुबह अंधड़-बारिश हुई, जिससे बिजली व्यवस्ता ठप है।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा, आंधी (40-60 किमी प्रति घंटा) और वर्षा की संभावना है। यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, जशपुर, सूरजपुर में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.