May 18, 2026

एसएसबी ने 11 ग्राम स्मैक एवं 68,310 भारतीय मुद्रा किया बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार |

सुपौल, 18 मई । बिहार में सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा स्थित 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर द्वारा 11 ग्राम स्मैक तथा 68,310 भारतीय मुद्रा,दो स्मार्ट फोन बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया ।

इस संबंध में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट गौरव सिंह ने आज बताया कि सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी होने की विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर एक विशेष नाका पार्टी का गठन कर संदिग्ध स्थान पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने बंबू झाड़ी के समीप दो संदिग्ध व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में खड़ा पाया।

जवानों ने सतर्कता एवं घेराबंदी करते हुए दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम जसमुद्दीन मियां एवं दिवाकर मंडल, दोनों निवासी जिला मालदा, पश्चिम बंगाल बताया। तलाशी के दौरान जसमुद्दीन मियां के शर्ट की जेब से काले रंग के प्लास्टिक में रखा चिपचिपा काला पदार्थ बरामद हुआ।

जांच करने पर उक्त पदार्थ स्मैक पाया गया, जिसका कुल वजन 11 ग्राम था। वहीं दिवाकर मंडल की तलाशी लेने पर उसके पास से 68,310 भारतीय मुद्रा बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद स्मैक को पिपराही क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से लाया गया था तथा बरामद राशि स्मैक बिक्री से प्राप्त धनराशि थी। उन्होंने बताया कि बरामद स्मैक, भारतीय मुद्रा, दो स्मार्ट फोन एवं गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए थाना रतनपुरा, जिला सुपौल को सुपुर्द कर दिया गया।

इस अभियान में मयूर रंगारी (सहायक कमांडेंट) एवं अन्य जवानों ने सराहनीय भूमिका निभाई। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा भारत–नेपाल सीमा पर तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.