May 29, 2026

कप्तान केतन कुशवाहा की हैट्रिक से भारत ने अंडर-18 एशिया कप हॉकी में कजाखस्तान को 13-0 से रौंदा

काकामिगाहारा (जापान), 29 मई । भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने अंडर-18 एशिया कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए शुक्रवार को कजाखस्तान को 13-0 से करारी शिकस्त दी। पूल-ए के इस मुकाबले में कप्तान केतन कुशवाहा ने हैट्रिक जमाकर भारत की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम अब 31 मई को मेजबान जापान से भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे भिड़ेगी।

भारत की ओर से केतन कुशवाहा ने तीन गोल किए, जबकि प्रहलाद राजभर, आशीष तानी पूर्ति, अंश बहुत्रा और शाहरुख अली ने दो-दो गोल दागे। गाजी खान और आकाश दीप ने भी एक-एक गोल किया। मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। शुरुआती दबाव झेलने के बाद कजाखस्तान की रक्षापंक्ति 12वें मिनट में टूट गई, जब शाहरुख अली ने सर्कल के अंदर से जोरदार शॉट लगाकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके दो मिनट बाद ही प्रहलाद राजभर ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम का दबदबा और बढ़ गया। कप्तान केतन कुशवाहा ने 18वें मिनट में नजदीक से गोल किया, जबकि 20वें मिनट में गाजी खान ने चौथा गोल दागा।

हाफ टाइम से पहले भारत ने लगातार हमले जारी रखे। शाहरुख अली ने 29वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया और उसके तुरंत बाद आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 6-0 की मजबूत बढ़त दिला दी।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा आक्रामक प्रदर्शन किया। अंश बहुत्रा ने 31वें और 44वें मिनट में दो गोल किए, जबकि पूर्ति ने भी अपना दूसरा गोल दागा। कप्तान केतन कुशवाहा ने अंतिम मिनट में लगातार दो गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत 11-0 से आगे था।

अंतिम क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने दबाव बनाए रखा। आकाश दीप ने 47वें मिनट में गोल किया, जबकि प्रहलाद राजभर ने 51वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर भारत की 13-0 की ऐतिहासिक जीत पूरी की।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.