June 01, 2026

कोरबा पंचायत उपचुनाव:सरपंच पद के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी

कोरबा, 01 जून । त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत करतला विकासखंड की ग्राम पंचायत सलिहाभांठा में सरपंच पद के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी है। कुल 1456 मतदाता बैलेट बॉक्स में अपना मत डालकर दोनों प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला कर रहे हैं। आज सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है और भीषण गर्मी के बावजूद ग्रामीणों में मतदान को लेकर उत्साह बना हुआ है।

ग्राम पंचायत सलिहाभांठा पूर्व सांसद स्वर्गीय डॉ. बंशीलाल महतो तथा पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर का गृह ग्राम है। वर्ष 2025 में हुए पंचायत चुनाव में युवा प्रत्याशी नवरंगलाल कंवर को सरपंच चुना गया था। ग्रामीणों ने उन पर विकास की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन चुनाव जीतने के महज तीन माह बाद उनके आकस्मिक निधन से पूरा गांव स्तब्ध रह गया। उनके निधन के बाद सरपंच का पद रिक्त हो गया था, जिस पर अब लगभग एक वर्ष बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

इस उपचुनाव की सबसे दिलचस्प बात यह है कि मुकाबला पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर के परिवार के दो सदस्यों के बीच है। चुनाव मैदान में उनकी भांजा बहू प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर और उनके सगे भतीजे विजय कंवर आमने-सामने हैं। प्रभा देवी कंवर पूर्व में सरपंच रह चुकी हैं और अपने अनुभव के आधार पर मतदाताओं से समर्थन मांग रही हैं, जबकि विजय कंवर पंचायत के सर्वांगीण विकास और नई सोच के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं।

ग्राम पंचायत के इतिहास में यह पहला अवसर है जब मुख्य ग्राम सलिहाभांठा, जहां पंचायत के लगभग 60 प्रतिशत मतदाता निवास करते हैं, वहां से कोई प्रत्याशी चुनाव नहीं लड़ रहा है। दोनों उम्मीदवार आश्रित ग्राम बंधवाभांठा से हैं। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पंचायत में सर्वसम्मति से नेतृत्व तय हो जाएगा, लेकिन सहमति नहीं बनने के कारण चुनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

उल्लेखनीय है कि सरपंच पद के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान कराया जा रहा है। मतदाताओं की सुविधा के लिए सलिहाभांठा और बंधवाभांठा में दो-दो मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पंचायत में कुल 1456 मतदाता हैं, जिनमें 745 पुरुष और 711 महिला मतदाता शामिल हैं। चूंकि कुल मतदाताओं में लगभग 60 प्रतिशत मतदाता मुख्य ग्राम सलिहाभांठा से हैं, इसलिए यहां का मतदान परिणाम तय करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

सुबह लगभग 10:30 बजे तक ही सलिहाभांठा के 458 मतदाताओं में से 300 से अधिक मतदाता मतदान कर चुके थे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आए। मतदान केंद्रों में उत्साहपूर्ण माहौल देखा गया और मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर पंचायत के भविष्य को तय करने में भागीदारी निभाई।

उपचुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही मतदाताओं की सुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप भी लगाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

अब सभी की निगाहें मतदान समाप्त होने और मतगणना के बाद आने वाले परिणामों पर टिकी हैं। देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर की भांजा बहू प्रभा देवी रामप्रसाद कंवर पर भरोसा जताते हैं या फिर उनके भतीजे विजय कंवर को पंचायत की कमान सौंपते हैं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.