June 03, 2026

नेपाल सरकार ने स्थल सीमा नाकों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सामान लाने की सीमा बढ़ा दी है।

काठमांडू, 03 जून । नेपाल सरकार ने स्थल सीमा नाकों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सामान लाने की सीमा बढ़ा दी है। अब सीमा पार करते समय 100 रुपये के बजाय 500 रुपये तक के निजी उपयोग के सामान को बिना कस्टम शुल्क के लाने-ले जाने की अनुमति दी गई है।

वित्त मंत्रालय ने यात्रियों द्वारा साथ लाए जाने और ले जाए जाने वाले सामान संबंधी नया नियम जारी करते हुए यह व्यवस्था लागू की है। इससे पहले यह सीमा केवल 100 रुपये तक निर्धारित थी।

राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार स्थल मार्ग से सीमा पार करने वाले व्यक्तियों को अभी भी हवाई यात्रियों के समान सभी सुविधाएं नहीं दी गई हैं। हालांकि यदि कोई यात्री 500 रुपये तक के निजी उपयोग के सामान अपने साथ लाता या ले जाता है, तो आवश्यकता और औचित्य के आधार पर उस पर कोई शुल्क लगाए बिना अनुमति दी जा सकती है।

वहीं, भारत में अध्ययन कर रहे नेपाली छात्रों के लिए पहले से लागू विशेष सुविधा को यथावत रखा गया है। इसके तहत वे अपने साथ लाए गए टैबलेट या कंप्यूटर में से किसी एक उपकरण को नेपाल लाते समय बिना किसी शुल्क के ला सकेंगे।

गौरतलब है कि मई 2025 को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार सीमा नाकों पर 100 रुपये से अधिक मूल्य का सामान लाने पर रोक लगाने का नियम लागू किया गया था। इस नियम के कार्यान्वयन के दौरान कुछ सप्ताह पहले नेपाल-भारत सीमा क्षेत्रों में तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हुई थी।

यह मुद्दा नेपाल की संसद में भी उठा था। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने कहा था कि यह नियम पिछली सरकार द्वारा बनाया गया था और वर्तमान सरकार सीमा में छूट बढ़ाने पर विचार करेगी। उन्होंने सीमा क्षेत्र के लोगों को राहत देने का आश्वासन भी दिया था।

सीमा क्षेत्र के नेपाली व्यापारियों ने सरकार के इस मौजूदा फैसले का स्वागत किया है। सरकार पहले भी कई बार इस नियम को सख्ती से लागू करने का प्रयास कर चुकी है, लेकिन उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी थी। नए संशोधन को सीमा क्षेत्र के निवासियों और छोटे व्यापारियों के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.