June 06, 2026

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ‘विकसित भारत के लिए युवा - मेरा भारत युवा सम्मेलन’ में शामिल हुईं।

नई दिल्ली, 06 जून । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को त्यागराज स्टेडियम में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित ‘विकसित भारत के लिए युवा - मेरा भारत युवा सम्मेलन’ में शामिल हुईं। देशभर से आए 6,000 से अधिक युवाओं की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, युवा मामलों की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा उद्यमियों, खिलाड़ियों, कलाकारों, कंटेंट क्रिएटर्स, यूपीएससी अभ्यर्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह मंच वास्तव में भारत की युवा शक्ति का उत्सव है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के इतने प्रतिभाशाली युवा और प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों की उपस्थिति इस आयोजन को वास्तव में ‘तारे जमीन पर’ जैसा स्वरूप देती है। जब एक ही मंच पर युवा उद्यमी, खिलाड़ी, कलाकार, जनप्रतिनिधि, कंटेंट क्रिएटर्स और यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने वाले युवा उपस्थित हों तो यह भारत की विविध प्रतिभा और असीम क्षमता का सशक्त प्रतिबिंब बन जाता है।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया को इस अभिनव पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि मेरा भारत युवा सम्मेलन युवाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि भारत का युवा देश की जिम्मेदारी उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा आबादी है, जो मेहनती, दूरदर्शी, रचनात्मक और साहसी है। खेल, उद्यमिता, कला, तकनीक, कंटेंट निर्माण, शिक्षा और प्रशासन जैसे हर क्षेत्र में भारतीय युवाओं ने नए मानदंड स्थापित किए हैं। किसी भी क्षेत्र में सफलता के पीछे अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण होता है। यही समर्पण भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि अगर देश का प्रत्येक युवा एक कदम आगे बढ़ाता है, तो 140 करोड़ भारतीयों का देश भी उसी गति से आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और इनोवेशन की क्षमता को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीवन में देश के लिए मरने का अवसर मिले या न मिले, लेकिन देश के लिए जीने और योगदान देने का अवसर हम सभी के पास है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत की युवा शक्ति ही ‘विकसित भारत-2047’ का सबसे मजबूत आधार बनेगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.