June 08, 2026

भटगांव में नशा उन्मूलन अभियान को मिला जनसमर्थन, नौ जून को निकलेगी विशाल जागरूकता रैली

धमतरी, 08 जून । अखिल विश्व गायत्री परिवार धमतरी के तत्वावधान में ग्राम भटगांव में चल रहे सात दिवसीय नशा उन्मूलन जनजागरूकता अभियान को ग्रामीणों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। 3 जून से प्रारंभ होकर 9 जून तक आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को स्वस्थ, संस्कारित और सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना है।

अभियान के तहत प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। इसी क्रम में सोमवार को भटगांव के बाजार चौक में एक कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ के कौशल प्रसाद साहू ने बताया कि गायत्री परिवार द्वारा लंबे समय से नशा उन्मूलन, नैतिक जागरण और सामाजिक सुधार के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत भटगांव के सरपंच फागू राम साहू ने गायत्री परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सामाजिक और आध्यात्मिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

अभियान के समापन अवसर पर मंगलवार 9 जून को शाम 3 बजे ग्राम भटगांव में विशाल नशा उन्मूलन रैली निकाली जाएगी। यह रैली गांव की विभिन्न गलियों से होकर गुजरेगी और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगी। रैली के पश्चात बाजार चौक में सभा का आयोजन होगा, जिसमें नशामुक्त समाज के निर्माण और युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने पर विचार व्यक्त किए जाएंगे। कार्यक्रम में हेमंत साहू, बसंत कुमार सिन्हा, देवानंद साहू, रामस्वरूप साहू, महादेव साहू, चमन साहू, तामेश्वरी साहू, केशव साहू, सुनीता साहू, जयंती साहू, भुरवा बाई, अहिल्या साहू, गोमती साहू, खिलेश्वरी किरण, शेखन साहू, राजकुमार साहू, गोविंद मीनपाल, हेम सिंह कंवर, राजू साहू, भुनेश्वर देवांगन, लक्ष्मी साहू, सरिता सिन्हा, निर्मला कश्यप, पुष्पा सिन्हा, जानकी निषाद, बिमला साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.