June 08, 2026

योगी सरकार मत्स्य पालकों को लाभ देने को तीन योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन शुरु

प्रयागराज, 08 जून। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और मछुआरा समुदाय की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मत्स्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक लाभार्थी 8 जून से 28 जून 2026 तक विभागीय वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी सोमवार को मत्स्य पालक विकास अभिकरण प्रयागराज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय प्रकाश शुक्ला ने दी।

उन्होंने बताया कि राज्य सेक्टर के अंतर्गत संचालित योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना तथा सघन मत्स्य पालन के लिए एयरेशन सिस्टम स्थापना योजना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदकों को अलग-अलग आवेदन करना होगा। योजनाओं से संबंधित परियोजना विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक अभिलेखों की जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।

योगी सरकार द्वारा संचालित इन योजनाओं का उद्देश्य मत्स्य उत्पादन में वृद्धि करना, आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देना तथा मछुआरों एवं मत्स्य पालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सरकार मत्स्य क्षेत्र को रोजगार और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में योजनाओं के प्रावधानों में कोई संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम लागू होंगे। पूर्व वर्षों में निरस्त या प्रतीक्षारत आवेदनों वाले पात्र आवेदक भी पुनः आवेदन कर सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्य दिवस पर मत्स्य पालक विकास अभिकरण, विकास भवन, प्रयागराज से संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने अधिक से अधिक मत्स्य पालकों और मछुआरा समुदाय के लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.