June 08, 2026

चंडीगढ़: मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का स्वर्णिम अध्याय है: डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़, 08 जून । भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय नमो कमल के भव्य उद्घाटन के उपरांत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने महेंद्रगढ़-नारनौल जिले के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल, ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई तथा आगामी दिनों में चलाए जाने वाले जनसंपर्क अभियानों को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर मजबूती और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, सुरक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल एक राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का स्वर्णिम अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करें।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, तपस्या और संगठन शक्ति के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की रीति-नीति और विचारधारा को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा द्वारा 21 जून तक विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान की थीम “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के निर्धारित की गई है। इस थीम के अंतर्गत कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसमें भाजपा नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव तथा शहर-शहर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और मोदी सरकार एवं नायब सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देंगे। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी मंडलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के प्रति जागरूक किया जाएगा और स्वस्थ भारत के संदेश को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.