अमेरिका-ईरान समझौते का प्रधानमंत्री ने किया स्वागत
नई दिल्ली, 15 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए बनी सहमति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत को उम्मीद है कि इस समझौते के क्रियान्वयन से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल होगी तथा वैश्विक व्यापार और नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित हो सकेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण दुनिया भर में गंभीर आर्थिक व्यवधान उत्पन्न हुआ है और कई देशों में जनहानि भी हुई है। ऐसे में अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष समाप्त करने के लिए बनी समझ का वह स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा, “भारत को आशा है कि इस समझ के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल होगी तथा नौवहन और वाणिज्य की स्वतंत्रता सुनिश्चित होगी।”
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि शेष लंबित मुद्दों पर जारी वार्ता एक टिकाऊ और अंतिम समझौते तक पहुंचेगी, जिससे क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति स्थापित हो सके।
प्रधानमंत्री मोदी की यह प्रतिक्रिया उस समय आई जब खबरें सामने आईं कि अमेरिका और ईरान ने युद्ध समाप्त करने, रणनीतिक महत्व वाले होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता दोबारा शुरू करने के उद्देश्य से एक प्रारूप ढांचे पर सहमति बनाई है।