June 19, 2026

ट्रेलर के पलटने से मोटरसाइकिल दो युवकों की दबने से मौत, जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर, 19 जून। बिलासपुर के रतनपुर थानांतर्गत बहन के लिए मोमोज लेकर लौट रहे दाे सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। बिलासपुर-कटघोरा नेशनल हाईवे पर कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर नाली निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में जा घुसा और पलट गया। हादसे के दौरान माेटरसाइकिल सवार दोनों भाई ट्रेलर की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आज शुक्रवार काे पाेस्टमार्टम उपरांत शवाें काे परिजनाें काे साैप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार बेलतरा निवासी संदीप रजक (23) और उसका छोटा भाई प्रदीप रजक (16) ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे। संदीप ट्रेलर चालक था, जबकि प्रदीप मैकेनिक का काम करता था। दोनों अपने परिवार के साथ बेलतरा के पास स्थित बेलपारा गांव में रहते थे। बताया जा रहा है कि बस स्टैंड के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे किनारे नाली निर्माण के लिए करीब 4 महीने पहले खुदाई की गई थी। नेशनल हाईवे अथॉरिटी के विरोध के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया, लेकिन खुदाई वाला हिस्सा और निर्माण सामग्री सड़क किनारे ही पड़ी रही। गुरुवार रात करीब 8 बजे बिलासपुर की ओर जा रहा कोयले से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर (सीजी 12 बीएच 2296) खुदाई वाले हिस्से के पास पहुंचते ही चालक कंट्रोल खो बैठा और ट्रेलर पलट गया। उसी दौरान वहां से गुजर रही माेटरसाइकिल उसकी चपेट में आ गई। ट्रेलर के नीचे दबने से दोनों भाइयों की जान चली गई।

रिश्तेदारों के अनुसार संदीप और प्रदीप काम खत्म करने के बाद होटल गए थे। वहां से वे अपनी बहन के कहने पर उसके लिए मोमोज लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन की सहायता से ट्रेलर को हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मृतकों की पहचान स्थानीय युवकों के रूप में हुई। इसके बाद माहौल बिगड़ने और विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने एहतियात बरतते हुए शवों को तत्काल अस्पताल भिजवा दिया।

आज शुक्रवार काे पाेस्टमार्टम उपरांत शवाें काे परिजनाें काे साैप दिया गया है। वहीं, रतनपुर पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.