June 19, 2026

नीट-2026 : परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा विशेष ट्रेनाें का संचालन

बिलासपुर/रायपुर 19 जून । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-2026) में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष यात्री सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की है। परीक्षा अवधि के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ और यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष मेमू/पैसेंजर ट्रेनों का संचालन करने, 10 ट्रेनों में 40 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच जोड़ने तथा हसदेव एक्सप्रेस का अस्थायी विस्तार करने का निर्णय लिया है।

रेलवे अधिकारियों से आज शुक्रवार काे मिली जानकारी के अनुसार नीट परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए रेल यात्रा का सहारा लेते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष योजना तैयार की गई है ताकि अभ्यर्थियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कोरबा-दुर्ग के बीच चार विशेष मेमू ट्रेनें

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा 20 और 21 जून को कोरबा और दुर्ग के बीच चार विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

20 जून को गाड़ी संख्या 06801 कोरबा-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल सुबह 10 बजे कोरबा से रवाना होकर चांपा, जांजगीर-नैला, अकलतरा, बिलासपुर, बिल्हा, भाटापारा, तिल्दा-नेवरा, रायपुर एवं भिलाई पावर हाउस सहित सभी प्रमुख स्टेशनों में ठहरते हुए शाम 4:15 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 06802 दुर्ग-कोरबा मेमू पैसेंजर स्पेशल शाम 7:05 बजे दुर्ग से रवाना होकर रात 12:45 बजे कोरबा पहुंचेगी।

21 जून को परीक्षा दिवस पर गाड़ी संख्या 06803 कोरबा-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल सुबह 4 बजे कोरबा से रवाना होगी और सुबह 10:50 बजे दुर्ग पहुंचेगी। वहीं गाड़ी संख्या 06804 दुर्ग-कोरबा मेमू पैसेंजर स्पेशल शाम 7:05 बजे दुर्ग से प्रस्थान कर रात्रि 12:45 बजे कोरबा पहुंचेगी।

इन विशेष ट्रेनों के संचालन से कोरबा, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, रायपुर, भिलाई और दुर्ग क्षेत्र के हजारों परीक्षार्थियों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।

छिंदवाड़ा-इतवारी के बीच भी विशेष सेवा

रेलवे ने मध्यप्रदेश और विदर्भ क्षेत्र के अभ्यर्थियों को राहत देते हुए 21 जून को गाड़ी संख्या 08823 छिंदवाड़ा-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी मेमू पैसेंजर स्पेशल चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन शाम 6 बजे छिंदवाड़ा से रवाना होकर रात 10:50 बजे इतवारी पहुंचेगी। मार्ग के सभी मध्यवर्ती स्टेशनों पर इसका ठहराव रहेगा।

हसदेव एक्सप्रेस का दुर्ग तक विस्तार

नीट परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने 21 जून को हसदेव एक्सप्रेस का अस्थायी विस्तार दुर्ग तक करने का निर्णय लिया है।

गाड़ी संख्या 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए दुर्ग तक संचालित होगी। यह ट्रेन रायपुर से सुबह 10:45 बजे रवाना होकर भिलाई पावर हाउस और भिलाई नगर होते हुए 11:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

वहीं गाड़ी संख्या 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस दुर्ग से प्रारंभ होकर कोरबा तक संचालित होगी। यह ट्रेन शाम 4:30 बजे दुर्ग से रवाना होकर निर्धारित समयानुसार रात 9:50 बजे कोरबा पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोरबा और रायपुर के बीच ट्रेन के निर्धारित समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

10 ट्रेनों में लगाए जाएंगे 40 अतिरिक्त जनरल कोच

परीक्षार्थियों और यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों में कुल 40 अतिरिक्त सामान्य श्रेणी (जनरल) कोच लगाने का निर्णय लिया है।

इसके तहत 20 जून को रायपुर से चलने वाली 18249 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस में 7 अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे। 21 जून को कोरबा से रवाना होने वाली 18250 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में भी 7 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे।

इसके अलावा 21 से 23 जून तक 18251 रायपुर-कोरबा हसदेव एक्सप्रेस तथा 22 से 24 जून तक 18252 कोरबा-रायपुर हसदेव एक्सप्रेस में भी 7-7 अतिरिक्त सामान्य कोच उपलब्ध रहेंगे।

बिलासपुर-रीवा एक्सप्रेस और रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में भी दो-दो अतिरिक्त जनरल कोच लगाए जाएंगे, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को भी पर्याप्त सुविधा मिल सकेगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय और अन्य आवश्यक जानकारी की पुष्टि कर लें तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.