June 22, 2026

नेपाल के सिरहा में दो भारतीय ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई में एक घायल

काठमांडू, 22 जून । नेपाल के सिरहा जिले में मादक पदार्थ कारोबार में संलग्न दो भारतीय ड्रग्स तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिस जवान भी घायल हो गया।

नेपाल पुलिस के अनुसार, सिरहा जिले के लहान क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार होने की गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर पथराव किया और भागने की कोशिश की।

जिला प्रहरी कार्यालय सिरहा, इलाका प्रहरी कार्यालय महेशपुरपट्टी तथा लागुऔषध नियन्त्रण ब्यूरो गोलबजार की संयुक्त टीम ने साेमवार सुबह करीब 5:30 बजे संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस की चेतावनी के बावजूद आरोपित नहीं रुके, जिसके बाद पहले 9 एमएम पिस्तौल से एक राउंड हवाई फायर किया गया।

पुलिस ने बताया कि चेतावनी के बाद भी आरोपितों ने हमला जारी रखा, जिसके बाद एक और राउंड गोली चलाई गई। गोली लगने से भारत में बिहार के मधुबनी जिला के पिपराही गांव पंचायत निवासी 21 वर्षीय संजित कुमार पासवान घायल हो गए। उनके साथ मौजूद 12 वर्षीय एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, पासवान के दाहिने पैर की पिंडली में गोली लगी है।

दोनों घायलों को इलाज के लिए प्रादेशिक अस्पताल सिरहा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों की हालत सामान्य है।

गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से प्लास्टिक सहित वजन करने पर 101 ग्राम 60 मिलीग्राम ब्राउन शुगर तथा दूसरे पैकेट में 12 ग्राम 30 मिलीग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपित संजित कुमार पासवान लंबे समय से ड्रग्स कारोबार में सक्रिय था। पुलिस के मुताबिक, उसने अब तक लगभग 10 से 11 किलो ब्राउन शुगर की बिक्री और वितरण किया है, जिसकी नेपाली बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

जिला प्रहरी कार्यालय सिरहा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.