June 25, 2026

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घण्टों में झमाझम बारिश हुई और कई क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया।

शिमला, 25 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घण्टों में झमाझम बारिश हुई और कई क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अभी तक प्रदेश में दस्तक नहीं दी है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि 25 जून मानी जाती है, मगर इस वर्ष इसकी रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी बनी हुई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि केरल में प्रवेश के बाद से ही मानसून सामान्य गति से आगे नहीं बढ़ पाया। इसका असर उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों पर भी दिखाई दे रहा है। अब संभावना जताई जा रही है कि मानसून 30 जून या जुलाई के आरम्भ में हिमाचल प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। पिछले वर्ष मानसून ने 20 जून को ही प्रदेश में दस्तक देकर सामान्य समय से पांच दिन पहले आगमन दर्ज कराया था।

प्रदेश में गुरुवार को भी मौसम खराब बना हुआ है। राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में जो बारिश हो रही है, वह पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से हो रही है। विभाग ने बताया है कि मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज, मोतिहारी और नेपाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी है। अगले कुछ दिनों में इसके और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 48.2 मिलीमीटर वर्षा कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा घमरूर में 39.4 मिलीमीटर, मलराओं में 33 मिलीमीटर, सुंदरनगर में 30.2 मिलीमीटर और बिलासपुर सदर में 25.2 मिलीमीटर बारिश हुई। शिमला में 10.1 मिलीमीटर, सोलन में 12.5 मिलीमीटर, धर्मशाला में 4.3 मिलीमीटर, पालमपुर में 2.8 मिलीमीटर तथा मंडी में 1.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश के साथ कई स्थानों पर गर्जन और चमक की घटनाएं भी सामने आईं। शिमला, सुंदरनगर, मुरारी देवी और कांगड़ा में बिजली चमकने की गतिविधियां दर्ज की गईं, जबकि सुंदरनगर में ओलावृष्टि भी हुई। तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला। ताबो में 57 किलोमीटर प्रति घंटा, सुंदरनगर में 46 किलोमीटर प्रति घंटा, बिलासपुर में 44 किलोमीटर प्रति घंटा और नेरी में 37 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 29 जून तक प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। हालांकि किसी बड़े मौसम अलर्ट की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 30 जून और 1 जुलाई को बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने के संकेत मिले हैं। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इसी अवधि के दौरान मानसून हिमाचल की सीमाओं तक पहुंच सकता है और प्रदेश में व्यापक वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.