June 25, 2026

सीएम श्री स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए 265 करोड़ के प्रस्ताव को मिली मंजूरी

नई दिल्ली, 25 जून। दिल्ली सरकार ने 75 सीएम श्री स्कूलों में आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं से लैस बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 264 करोड़ 90 लाख 88 हजार रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की अध्यक्षता में बुधवार को हुई व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में इसकी मंजूरी दी गई।

मुख्यमंत्री ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत स्कूलों के प्रवेश द्वारों का आधुनिक स्वरूप में निर्माण, संशोधन और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन पर सीएम श्री का नया लोगो और स्कूल का नाम प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भवनों में सीलन और नमी की समस्या दूर करने, वॉटरप्रूफिंग, आंतरिक एवं बाहरी पेंटिंग, प्लास्टर की मरम्मत, बाउंड्री वॉल एवं फेंसिंग का निर्माण अथवा मरम्मत, शौचालयों में सुधार, पेयजल सुविधा में सुधार, सीवर एवं ड्रेनेज व्यवस्था को बेहतर बनाने, आवश्यकता के अनुरूप खेल सुविधाओं का विकास, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की मरम्मत, मल्टीपरपज हॉल का नवीनीकरण और आवश्यकता अनुसार अन्य मरम्मत कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिकल कार्यों के तहत अग्नि सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जाएंगे। खराब एलईडी लाइट, सीलिंग फैन, एग्जॉस्ट फैन और पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम को बदला जाएगा, ताकि पूरे परिसर में घोषणाएं और आपातकालीन सूचनाएं प्रभावी ढंग से प्रसारित की जा सकें। स्कूल परिसरों में हाई मास्ट लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। मल्टीपरपज हॉल एवं कंप्यूटर लैब में एयर कंडीशनिंग, स्टेज लाइटिंग, सीएम श्री लोगो युक्त एलईडी साइनेज एवं एलईडी बोर्ड, इनबिल्ट आरओ वॉटर कूलर, मुख्य विद्युत पैनलों का अपग्रेडेशन और नई वायरिंग, री-वायरिंग, पावर पॉइंट और लैन पॉइंट उपलब्ध कराए जाएंगे। विशेष प्राथमिकता वाले कार्यों के अंतर्गत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और हैंडरेल जैसी दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही सीसीटीवी, कंपाउंड लाइटिंग और खेल मैदानों का विकास भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत स्कूल परिसरों का स्वरूप भी पूरी तरह बदला जाएगा। आधुनिक डिजाइन वाले सीएम श्री प्रवेश द्वार विकसित किए जाएंगे। जहां बाउंड्री वॉल अच्छी स्थिति में है वहां आवश्यकतानुसार मामूली मरम्मत की जाएगी और ग्रिट फिनिश को बरकरार रखा जाएगा। फेंसिंग को आकर्षक विपरीत रंगों से रंगा जाएगा। खेल मैदानों में आधुनिक आउटडोर गैलरी विकसित की जाएगी, जिसका उपयोग आउटडोर कक्षाओं, मनोरंजन, इंटरैक्टिव गतिविधियों तथा सहयोगात्मक शिक्षण के लिए किया जा सकेगा। बास्केटबॉल कोर्ट में नया टर्फ बिछाया जाएगा। यह सारा कार्य अगल साल के अंत तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल भवनों की मरम्मत करना नहीं, बल्कि सरकारी विद्यालयों को ऐसे आधुनिक शिक्षण परिसरों में विकसित करना है, जहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, समावेशी, तकनीक-सक्षम और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो। यह प्रस्ताव दिल्ली के सरकारी विद्यालयों की आधारभूत संरचना को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.