June 26, 2026

अम्बिकापुर : सुलह की कोशिशों के बीच पत्नी को सरेआम दिया 'तीन तलाक', पति सोएब खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज

अम्बिकापुर, 26 जून । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिला अंतर्गत अम्बिकापुर से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मुस्लिम युवक ने सुलह करने आई अपनी पत्नी को सरेराह सार्वजनिक तौर पर 'ट्रिपल तलाक' दे दिया। यह पूरा विवाद तब और गहरा गया जब महिला थाने में दर्ज दहेज उत्पीड़न की शिकायत के बाद दोनों पक्षों में बात बनाने की कोशिश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, अम्बिकापुर के मोमिनपुरा की रहने वाली सहाना बानो का निकाह साल 2022 में सदर रोड निवासी सोएब खान के साथ बड़े ही अरमानों से हुआ था। लेकिन शादी की खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिकीं और महज तीन महीने बाद ही ससुराल वालों का असली रंग सामने आने लगा। पति सोएब खान ने कम दहेज का ताना देकर सहाना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपित पति की ओर से लगातार 5 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे तंग आकर पीड़िता ने महिला थाने में न्याय की गुहार लगाई थी।

इसी कानूनी विवाद के बीच, बीते 6 जून को रिश्तों को एक और मौका देने की उम्मीद के साथ सहाना बानो अपनी मासूम बेटी और परिवार के कुछ सदस्यों को लेकर ससुराल पहुंची थी। उम्मीद थी कि बातचीत से रास्ता निकल आएगा, लेकिन वहां स्थिति और बिगड़ गई। पति सोएब खान ने न सिर्फ पत्नी को साथ रखने से साफ इनकार कर दिया, बल्कि समाज और परिवार के सामने ही मर्यादाओं को ताक पर रखकर सहाना को तीन बार 'तलाक' बोलकर रिश्ता खत्म करने का एलान कर दिया।

सार्वजनिक रूप से मिले इस धोखे के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस की शरण ली। पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपित पति के खिलाफ 'मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019' की धारा 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुट गई है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.