सेप्टिक टैंक में उतरे तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत
नई दिल्ली, 26 जून । बाहरी दिल्ली के मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में शुक्रवार को सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक मजदूर के बेहोश होने पर उसे बचाने के लिए दो अन्य साथी भी टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर दिल्ली दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:03 बजे दमकल विभाग को मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री नंबर-93/8 में सेप्टिक टैंक में लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। ज्वाला पुरी फायर स्टेशन से दो वाटर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। रास्ते में ट्रैफिक जाम मिलने पर टिकरी स्टेशन से भी एक अतिरिक्त वाटर टेंडर भेजा गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान एसडीएम मुंडका को भी मौके पर बुलाया गया।
दमकल अधिकारी के मुताबिक, तीनों मजदूर एक-एक कर सेप्टिक टैंक में उतरे थे। टैंक में जहरीली गैस भरी होने के कारण वे बेहोश हो गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाल कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अरुण (38), संदीप (32) और चांद (42) के रूप में हुई है। तीनों सुल्तानपुरी के इंद्रा झील इलाके के रहने वाले थे और फैक्ट्री में मजदूरी का काम करते थे।
मुंडका थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस जमा होने के कारण हादसा हुआ। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।