June 27, 2026

क्रूज़ मिसाइलों ने दक्षिणी रूस के वोल्गोग्राड शहर स्थित एक सैन्य-औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया है।

कीव/मॉस्को, 27 जून । यूक्रेन ने दावा किया है कि उसकी लंबी दूरी की क्रूज़ मिसाइलों ने दक्षिणी रूस के वोल्गोग्राड शहर स्थित एक सैन्य-औद्योगिक परिसर को निशाना बनाया है। इस हमले में टाइटन-बैरीकाडी प्लांट में आग लग गई, जहां रूस के लिए आर्टिलरी सिस्टम और मिसाइल लॉन्च सिस्टम के पुर्जों सहित अन्य सैन्य उपकरणों का निर्माण किया जाता है।

तुर्किए की सरकारी संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी के अनुसार, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि यूक्रेन की एफपी-5 फ्लेमिंगो क्रूज़ मिसाइलों ने शुक्रवार रात इस हमले को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि यह परिसर यूक्रेन की लंबी दूरी की कार्रवाई के लिए एक महत्वपूर्ण सैन्य लक्ष्य था। उनके अनुसार, यूक्रेन लगातार अपनी लंबी दूरी की हमले की क्षमता बढ़ा रहा है और रूस पर निरंतर दबाव ही सम्मानजनक शांति की दिशा में आधार तैयार करेगा।

वहीं, वोल्गोग्राड के गवर्नर आंद्रे बोचारोव ने बताया कि शहर के क्रास्नोओक्त्याब्रस्की जिले में स्थित एक उत्पादन इकाई को रातभर चले हमले में नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि मलबा हटाने के दौरान प्लांट के एक कर्मचारी का शव बरामद हुआ, जबकि 11 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्लांट में एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने अलग बयान में दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने देश के 10 क्षेत्रों के अलावा ब्लैक सी और क्रीमिया के ऊपर यूक्रेन के 175 ड्रोन मार गिराए हैं।

हालांकि, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के कारण दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.