दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की सहमति से संबंधित जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों के पदाधिकारियों की घोषणा की।
नई दिल्ली, 27 जून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने शनिवार को संगठनात्मक विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 11 संगठनात्मक जिलों के जिला पदाधिकारियों तथा मंडल अध्यक्षों की सूची जारी कर दी। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की सहमति से संबंधित जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों के पदाधिकारियों की घोषणा की। तीन संगठनात्मक जिलों - उत्तर बाहरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और नजफगढ़ की सूची वर्तमान जिला अध्यक्षों से परामर्श के बाद उचित समय पर जारी की जाएगी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि नई नियुक्तियों में पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता के अनुरूप 33 प्रतिशत महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। साथ ही युवाओं को भी संगठन में पर्याप्त अवसर प्रदान किए गए हैं, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और और नेतृत्व मिल सके।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के पदाधिकारियों की नियुक्ति में भी सभी संगठनात्मक मानकों का पूरी गंभीरता से पालन किया गया है। सामाजिक समरसता और संतुलित प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए विभिन्न वर्गों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा की जारी सूची के अनुसार शाहदरा, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम, चांदनी चौक, मयूर विहार सहित कुल 11 संगठनात्मक जिलों में जिला पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही कई मंडलों के अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि नई संगठनात्मक व्यवस्था का उद्देश्य दिल्ली की जनता के बीच पार्टी की पहुंच को और मजबूत बनाना तथा सेवा, संगठन और जनसंपर्क की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवगठित टीमें जनता के बीच पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को मजबूती से पहुंचाने के साथ संगठन को और सशक्त बनाने का कार्य करेंगी।