June 30, 2026

सहकारिता जागरूकता वैन रवाना, जनजागरूकता पर जोर

नई दिल्ली 30 जून: केंद्र सरकार में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सहकार से समृद्धि सहकारिता सप्ताह 2026’ का सोमवार को दिल्ली सचिवालय परिसर में शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सहकारिता जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा रंग - बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर सप्ताहभर चलने वाले जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। Maps कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहकारिता जागरूकता वैन को दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही दिल्ली सचिवालय परिसर में नुक्कड़ नाटक, जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता, आत्मनिर्भरता और सामूहिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दिल्ली सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सहकारिता सप्ताह के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिक सहकारी गतिविधियों से जुड़ेंगे तथा समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि सहकारिता को आधुनिक तकनीक, डिजिटल सेवाओं एवं पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को अधिक उत्तरदायी, सक्षम और जन-केंद्रित बनाना है, ताकि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें तथा सहकारिता के माध्यम से आर्थिक समृद्धि को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा कि सहकारिता सप्ताह के दौरान दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान, सहकारिता जागरूकता वैन, वृक्षारोपण अभियान, सेमिनार, पैनल चर्चा, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन क्विज प्रतियोगिताएं तथा अनेक जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत लगभग 10,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। साथ ही सहकारी संस्थाओं, विशेषज्ञों एवं नागरिकों की सहभागिता से सहकारिता को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक संवाद भी आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, पारदर्शिता, सामूहिक उत्तरदायित्व और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक नागरिक सहकारिता से जुड़ें और उसके माध्यम से अपने आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा दें। रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे सहकारिता सप्ताह के सभी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी करें तथा ‘सहकार से समृद्धि’ के इस राष्ट्रीय अभियान को जन-आंदोलन बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही विकसित दिल्ली और विकसित भारत 2047 का संकल्प साकार होगा।

सहकारिता सप्ताह के दौरान दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को सहकारी संस्थाओं की भूमिका, उपलब्ध सेवाओं, डिजिटल सहकारिता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति जागरूक किया जाएगा। सप्ताह का समापन 6 जुलाई को आयोजित समारोह के साथ होगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी संस्थाओं, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा सहकारिता क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.