July 01, 2026

राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक से टकराई बस, सात की मौत

दाैसा, 01 जुलाई । राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक स्लीपर बस के ट्रक से टकराने के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दौसा जिले के कोलवा थाना क्षेत्र में आज तड़के करीब तीन बजे यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार ऋषिकेश से इंदौर जा रही स्लीपर बस तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस और ट्रक में आग लग गई।

दौसा पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो अन्य की सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जान गई। उन्होंने बताया कि अब तक नौ घायलों की पहचान की जा चुकी है और अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि दुर्घटना और आग लगने की सूचना करीब 3:20 बजे पुलिस तथा एक्सप्रेस-वे प्रबंधन को दी गई । उनका आरोप है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां देर से मौके पर पहुंचीं, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित हुआ। बताया गया कि हादसे के लगभग एक घंटे बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला जा सका।

सुमेरकला निवासी महेंद्र नागर ने कहा कि दुर्घटना के समय मौके पर न तो एंबुलेंस पहुंची और न ही फायर ब्रिगेड। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस को सूचना उन्होंने स्वयं दी थी। उनके अनुसार यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था। नागर ने यह भी दावा किया कि बस का स्टोरेज बॉक्स सिगरेट के पैकेटों से भरा हुआ था। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। विस्तृत ब्यौरे की प्रतीक्षा है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.