July 03, 2026

मेसी के बचे हुए मैच मत गिनिए, हर पल का आनंद लीजिए: रोड्रिगो डी पॉल

मियामी, 03 जुलाई ।अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल ने फुटबॉल प्रशंसकों से अपील की है कि वे लियोनेल मेसी के विदाई की चर्चा करने के बजाय उनके हर मैच और हर पल का आनंद लें। विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे के खिलाफ मुकाबले से पहले डी पॉल ने कहा कि मेसी जैसा खिलाड़ी बार-बार नहीं मिलता।

39 वर्षीय लियोनेल मेसी अपने छठे विश्व कप में खेल रहे हैं और माना जा रहा है कि यह अर्जेंटीना की जर्सी में उनका अंतिम विश्व कप हो सकता है। हालांकि डी पॉल ने कहा कि टीम अभी से मेसी के बाद के दौर के बारे में नहीं सोच रही है।

डी पॉल ने प्री मैच कॉन्फेंस में कहा, "मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम हर दिन लियो मेसी का आनंद लें, ठीक वैसे ही जैसे अर्जेंटीना का हर नागरिक करता है। अक्सर हम किसी चीज़ की अहमियत उसके चले जाने के बाद समझते हैं, लेकिन अभी हमारे पास मेसी हैं और हमें इस पल को जीना चाहिए।"

मेसी इस विश्व कप में अब तक तीन मैचों में छह गोल कर चुके हैं। उन्होंने अल्जीरिया के खिलाफ पहले मैच में हैट्रिक भी लगाई थी और गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं।

प्रशंसकों के बीच "मेसी के बॉडीगार्ड" के नाम से मशहूर डी पॉल ने अपने कप्तान के साथ रिश्ते को जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया।

उन्होंने कहा, "लियोनेल मेसी का अच्छा दोस्त होना मेरे लिए बहुत मायने रखता है। दोस्ती जीवन की सबसे महत्वपूर्ण चीज़ों में से एक है। मैदान के अंदर और बाहर उनके साथ समय बिताना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानता हूं।"

डी पॉल पिछले वर्ष इंटर मियामी में मेसी के साथ जुड़ गए थे, जहां वह एटलीको मैड्रिड से स्थानांतरित होकर पहुंचे थे।

डी पॉल ने स्वीकार किया कि नॉकआउट चरण में उन्हें स्पेन या उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों का सामना करने की उम्मीद थी, लेकिन केप वर्डे ने शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया।

उन्होंने कहा, "हम ऐसी टीम से खेल रहे हैं जिसने ग्रुप चरण में शानदार फुटबॉल खेली है। हमें इस मुकाबले को पूरी गंभीरता से लेना होगा क्योंकि यह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण मैच है।"

करीब आठ वर्षों से अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कॉलोनी के भरोसेमंद खिलाड़ी रहे डी पॉल का मानना है कि नॉकआउट मुकाबलों का अनुभव टीम के काम आएगा, लेकिन हर मैच अलग होता है।

उन्होंने कहा, "नॉकआउट मुकाबलों का अनुभव हमारे पास है, लेकिन हर मैच नई चुनौती लेकर आता है। ऐसे मुकाबलों में भावनाएं हमेशा प्रबल होती हैं। अनुभव आपको उन्हें संभालना सिखाता है, लेकिन उनका सम्मान करना भी जरूरी है।"

विश्व चैंपियन अर्जेंटीना शुक्रवार को मियामी में केप वर्डे के खिलाफ जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.